पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के दौरान 1,368 Cleanliness Target Units (CTUs) का चिन्हांकन कर उनका निस्तारण किया गया। अभियान में रेलवे परिसरों की स्वच्छता सुधारने, कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण, चिन्हित स्वच्छता इकाइयों के निस्तारण और यात्रियों व कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान 2,650 अधिकारियों, रेलवे कर्मचारियों एवं गैर-रेलवे कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित की।

वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यस्थलों एवं रेलवे परिसरों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों की साफ-सफाई के साथ स्वच्छता को नियमित कार्यसंस्कृति और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना रहा।

अभियान के अंतर्गत स्वच्छता से संबंधित 1,368 Cleanliness Target Units (CTUs) को चिन्हित किया गया और इन सभी CTUs को स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर बंद/निस्तारित किया गया। चिन्हित स्थानों पर गंदगी, कचरे के जमाव, अनुपयोगी सामग्री एवं अन्य स्वच्छता संबंधी कमियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की गई। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप किए गए इन प्रयासों से रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ यात्रियों के लिए अधिक स्वच्छ एवं सुखद वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिली।

स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए मंडल में कुल 2,650 व्यक्तियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इनमें 88 अधिकारी, 1,953 रेलवे कर्मचारी तथा 609 गैर-रेलवे कर्मचारी शामिल रहे। स्वच्छता शपथ के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने कार्यस्थल एवं रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। साथ ही यात्रियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। व्यापक सहभागिता से यह स्पष्ट हुआ कि स्वच्छता अभियान को प्रभावी और स्थायी बनाने में रेलवे प्रशासन के साथ कर्मचारी, यात्री और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

वडोदरा मंडल के विभिन्न प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में स्वच्छता गतिविधियों के साथ स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए यात्रियों को कचरे के उचित निस्तारण, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान यह संदेश प्रमुखता से दिया गया कि रेलवे स्टेशन और परिसर केवल रेलवे प्रशासन के कार्यक्षेत्र नहीं, बल्कि लाखों यात्रियों के साझा सार्वजनिक स्थान हैं। इन्हें स्वच्छ बनाए रखना रेलवे प्रशासन के साथ प्रत्येक यात्री और नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

वडोदरा मंडल द्वारा स्वच्छता अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि स्वच्छता गतिविधियां केवल विशेष अभियानों तक सीमित न रहें, बल्कि दैनिक कार्यप्रणाली और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनें। मंडल ने सभी यात्रियों एवं नागरिकों से रेलवे परिसरों में कचरा इधर-उधर न फेंकने, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने में सहयोग की अपील की है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story