विरार पश्चिम के बोलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पति की दूसरी पत्नी पर पहली पत्नी द्वारा चाकू और त्रिशूल से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 22 वर्षीय कोमल अनिल सरोज घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पहली पत्नी लक्ष्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल महिला आरोपी महिला की दूसरी पत्नी है। पति द्वारा दूसरी शादी किए जाने से नाराज पहली पत्नी ने कोमल को जान से मारने के इरादे से हमला किया।

जानकारी के अनुसार, कोमल अनिल सरोज, उम्र 22 वर्ष, मेफेयर गार्डन बिल्डिंग, विरार पश्चिम में रहती हैं। कोमल ने नालासोपारा पश्चिम में रहने वाले राजकुमार प्रसाद, उम्र 31 वर्ष, के साथ शादी की थी। राजकुमार प्रसाद अपनी पहली पत्नी लक्ष्मी से किसी कारणवश अलग हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने कोमल से शादी कर ली। इस शादी से राजकुमार की पहली पत्नी लक्ष्मी नाराज थी।

बताया गया है कि दोपहर के समय लक्ष्मी कोमल के घर पहुंची और उससे झगड़ा करने लगी। इसी दौरान लक्ष्मी ने अपने पास रखे चाकू से कोमल के हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। लक्ष्मी ने कोमल को कमरे में बंद कर उसके सिर और पीठ पर चाकू एवं त्रिशूल से हमला किया और जान से मारने की कोशिश की। इतना ही नहीं, कोमल पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का भी प्रयास किया गया।

हमले के दौरान लक्ष्मी ने अपने पति राजकुमार को वीडियो कॉल किया और पूरा नजारा दिखाते हुए कोमल को जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकुमार घर पहुंचे और घायल कोमल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

इसके बाद घटना की जानकारी क्षेत्रीय पुलिस बोलिंज को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर पहली पत्नी लक्ष्मी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story