विरार में तेज रफ्तार पानी टैंकर ने बाइक को कुचला, 4 वर्षीय बेटे और मां की मौत
विरार में जीवदानी मां के दर्शन करने जा रहे परिवार की बाइक को पानी टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में मां और चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

विरार के चांदनसार क्षेत्र में जीवदानी मां के दर्शन के लिए जा रहे परिवार की बाइक को तेज रफ्तार पानी टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मां और उनके चार वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।
महाराष्ट्र के विरार में तेज रफ्तार पानी टैंकर की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। जीवदानी मां के दर्शन करने जा रहे परिवार की बाइक को पीछे से आ रहे पानी टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां कविता और उनके चार वर्षीय बेटे आरायु पाल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के मुखिया धर्मेंद्र प्रभुनाथ पाल और एक अन्य बेटे आयांश को चोटें आईं। घटना के बाद पाल परिवार में मातम छा गया है।
यह सड़क दुर्घटना मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-3 अंतर्गत विरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, परिवार बाइक से जीवदानी मां के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान घास कोपरी गांव, चांदनसार स्थित साईंदत हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार पानी टैंकर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और सवारों को कुचलते हुए आगे निकल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वसई पूर्व स्थित रूम नंबर 05, हरहर महादेव चाल, गौराई पाड़ा, जीवन नगर निवासी धर्मेंद्र प्रभुनाथ पाल (30 वर्ष) अपनी पत्नी कविता और दो बेटों आरायु पाल तथा आयांश पाल के साथ दर्शन के लिए जा रहे थे। पूरा परिवार बाइक क्रमांक एमएच 48 डीएम 3918 पर सवार था। जैसे ही उनकी बाइक घास कोपरी गांव, चांदनसार स्थित साईंदत हॉस्पिटल के सामने पहुंची, पीछे से आ रहे पानी टैंकर क्रमांक एमएच 04 डीएस 6341 के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कविता और उनके बेटे आरायु पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, धर्मेंद्र और आयांश को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद दोनों गंभीर घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मामूली रूप से घायल धर्मेंद्र प्रभुनाथ पाल के बयान के आधार पर पुलिस ने पानी टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने टैंकर चालक शमशेर जुबेर अली, निवासी विरार, को हिरासत में ले लिया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जीवदानी मां के दर्शन के लिए निकले परिवार के लिए यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। तेज रफ्तार पानी टैंकर की टक्कर में मां और बेटे की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
