विरार के तुलसी रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग, भिवंडी का कारोबारी देशी कट्टे सहित गिरफ्तार
विरार पश्चिम के अर्नाला क्षेत्र स्थित तुलसी रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भिवंडी निवासी कारोबारी संदेश गुरुव को देशी कट्टे सहित हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

तस्वीर में विरार पश्चिम स्थित अर्नाला पुलिस स्टेशन क्षेत्र का तुलसी रिसॉर्ट नजर आ रहा है।
विरार पश्चिम स्थित अर्नाला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तुलसी रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भिवंडी निवासी एक कारोबारी को हिरासत में लेकर उसके पास से देशी कट्टा जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विरार पश्चिम स्थित अर्नाला बीच के आसपास कई रिसॉर्ट हैं, जहां मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से लोग पिकनिक मनाने और पार्टियां करने पहुंचते हैं। 28 जुलाई 2026 की रात भिवंडी निवासी संदेश गुरुव अपने कुछ दोस्तों के साथ तुलसी रिसॉर्ट में बर्थडे पार्टी मनाने आया था। देर रात सभी मौज-मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान जब केक काटा जा रहा था, तब संदेश गुरुव ने देशी कट्टे से हवा में गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर किसी व्यक्ति ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग कर रही अर्नाला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रिसॉर्ट मैनेजर से पूछताछ की कि गोली किसने चलाई। इसके बाद पुलिस ने छानबीन करते हुए रिसॉर्ट से भिवंडी निवासी संदेश गुरुव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उस देशी कट्टे को भी जब्त कर लिया, जिससे हवाई फायरिंग की गई थी।
बताया गया है कि संदेश गुरुव बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर है और उसकी पत्नी अपने गांव की सरपंच है। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
