विरार पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालक से लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा
विरार में रिक्शा चालक को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, लूटा गया रिक्शा और नकदी बरामद।

विरार पुलिस स्टेशन के बाहर गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी और मामले की जांच करने वाली पुलिस टीम, जिन्हें रिक्शा चालक से लूटपाट के आरोप में पकड़ा गया है।
विरार: विरार पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच ने पैसेंजर बनकर ऑटो रिक्शा चालक से मारपीट कर नकदी और वाहन लूटने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों ने चालक को झांसा देकर सुनसान इलाके में ले जाकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लूटे गए ऑटो रिक्शा और नकदी को बरामद कर लिया है।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 27 मई 2026 की रात लगभग 1 बजे शिकायतकर्ता रिक्शा चालक स्टैंड पर सवारियों का इंतजार कर रहा था। तभी चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बर्फपाड़ा से विरार फाटा जाने की बात कहकर रिक्शा में बैठ गए। रिक्शा जब विरार पूर्व के कंडलपाड़ा क्षेत्र में पहुंचा, तो आरोपियों ने चालक को वाहन रोकने का निर्देश दिया। जैसे ही चालक ने रिक्शा रोका, आरोपियों ने उसे जबरन कॉलर पकड़कर बाहर खींच लिया और पास के जंगल में ले गए। वहां उन्होंने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों और डंडों से बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपी उसकी जेब में रखे 1700 रुपये और ऑटो रिक्शा लूटकर फरार हो गए।
इस लूटपाट की घटना के बाद पीड़ित रिक्शा चालक ने विरार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उसने बताया कि आरोपियों ने कुल 61,700 रुपये मूल्य का ऑटो रिक्शा और नकदी लूटी है। इस गंभीर अपराध का संज्ञान लेते हुए विरार पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 309 (4), 309 (6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एल. एम. तुरे और सुरेख गायकवाड़ (क्राइम) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में पुलिस सब-इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर कोकाटे, संदीप जाधव, अमोल चव्हाण, सचिन बालिद, बालाजी गायकवाड़, बालाजी शिंदे, सोमनाथ कासर, उत्कर्ष सोनवणे और विलास राठौड़ शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी छानबीन और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जाल बिछाया और तीनों अपराधियों को धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय व्याप्त है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की प्रशंसा की है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
