पुलिस ने 19 अप्रैल को हुई आरती यादव की हत्या के मामले में आरोपी पति मुन्ना और उसकी दूसरी पत्नी मीरा को पनवेल के पास से हिरासत में लिया।

विरार पश्चिम के बोलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सामने आए महिला हत्या कांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर मामले की गुत्थी सुलझा ली। इस हत्या को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतका के पति और उसकी सौतन ने मिलकर अंजाम दिया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी गांव भागने की फिराक में थे, लेकिन बोलिंज पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते से ही धरदबोचा।

घटना गोल्बल सिटी स्थित एम बी टॉवर बिल्डिंग नंबर 05, कल्पवृक्ष सोसायटी की पहली मंजिल पर बने एक लेबर रूम की है, जहां मजदूरी करने वाले मजदूरों को रहने के लिए कमरे दिए गए थे। इसी रूम में मुन्ना अपनी पत्नी मीरा और पहली पत्नी आरती के साथ रहता था। 19 अप्रैल 2026 की रात किसी बात को लेकर मुन्ना और उसकी पहली पत्नी आरती के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर मुन्ना ने आरती के साथ मारपीट की और उसका सिर पकड़कर दीवार पर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद मुन्ना और उसकी सौतन मीरा मौके से फरार हो गए। अगले दिन जब उस कमरे से कोई मजदूर काम पर नहीं आया तो ठेकेदार श्रीराम गुजर ने आवाज लगाई। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर जब वह कमरे के अंदर गया तो उसने आरती को जमीन पर पड़ा हुआ पाया। इसके बाद श्रीराम गुजर की शिकायत पर पति मुन्ना और सौतन मीरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

बोलिंज पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम, जिसमें किरण वंजारी, विष्णु वाघमोड़े, जनार्दन मते, संदीप मोकल, किशोर धनु, रोशन पुरकर, प्रफुल्ल सरगर, संदीप शेलके, नामदेव धोने और सोहेल शेख शामिल थे, ने तेजी से जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी हत्या के बाद अपने मूल गांव बिहार भागने की तैयारी में हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बिहार जाने वाली ट्रेनों की जानकारी जुटाई, लेकिन आरोपियों ने योजना बदलते हुए पनवेल जाने वाली ट्रेन पकड़ ली।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों एक ट्रेन में सवार होते हुए दिखाई दिए। पुख्ता जानकारी और एक ऑटो रिक्शा चालक से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक न्यू कंस्ट्रक्शन साइट से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें विरार पुलिस स्टेशन लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में मुन्ना ने बताया कि उसका आरती को मारने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन उस दिन हुए झगड़े में गुस्से के कारण उसने यह कदम उठा लिया। उसने यह भी बताया कि उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अनैतिक संबंध होने के संदेह को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था और घटना के दिन भी इसी बात को लेकर बहस हुई थी।

फिलहाल पुलिस ने पति मुन्ना ब्रह्मदेव यादव और सौतन मीरा मुन्ना यादव को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला न केवल पारिवारिक विवाद की भयावह परिणति को दर्शाता है, बल्कि कानून व्यवस्था की त्वरित कार्रवाई का भी उदाहरण बनकर सामने आया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story