मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की नार्कोटिक्स यूनिट-02 ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विरार पूर्व के बर्फपाड़ा क्षेत्र में जंगलों की आड़ में फल-फूल रहे अवैध देशी शराब के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने लाखों रुपये का कच्चा माल और तैयार शराब नष्ट कर दी है। विरार पूर्व का बर्फपाड़ा इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसका फायदा उठाकर शराब माफिया वहां सुरक्षित तरीके से अपना अवैध कारोबार संचालित कर रहे थे।

इन अवैध भट्टियों के खिलाफ नार्कोटिक्स यूनिट-02 के पीआई ऋषिकेश परळ ने सख्त निर्देश जारी किए थे। इसी आदेश के अनुपालन में, पीआई के मार्गदर्शन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में प्रसाद शेनोळकर, सागर शिंदे, राजू भोईर, उमेश गवई, आसिफ मुल्ला, अमित चव्हाण, सुनील पगी, सुप्रिया तिवाले, सुधीर नरले, अंगद मुले, अजीत मैद, किरण रसाल और प्रीतेश खैरनार शामिल थे। पुलिस टीम ने पूरी तैयारी के साथ 31 मई 2026 की सुबह 5 बजे लहाने पाडा गांव अंतर्गत बर्फपाड़ा स्थित अवैध शराब अड्डों पर अचानक छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को वहां से 2000 लीटर देशी शराब बनाने की सामग्री मिली, जिसमें ड्रमों में भरे नवसागर, गुड़ और अन्य रसायनों का मिश्रण शामिल था। पुलिस ने मौके पर ही इन सभी सामग्रियों को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुंता चिपाट नाम की महिला को शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस द्वारा की गई इस संपूर्ण कार्रवाई में कुल 1 लाख 14 हजार रुपये की कीमत का कच्चा माल, तैयार शराब और अन्य उपकरण नष्ट किए गए हैं। इस छापेमारी ने क्षेत्र में अवैध शराब माफियाओं में खलबली मचा दी है और पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story