विरार पश्चिम में शिवम उपाध्याय ने नैनसी और सरिता मिश्रा की चाकू मारकर हत्या की, वारदात के बाद आरोपी ने खुदकुशी का प्रयास किया।

विरार पश्चिम स्थित बोलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। शादी से इंकार करने पर गुस्साए प्रेमी ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी, जिसके बाद आरोपी ने खुदकुशी की नाकाम कोशिश की। घायल आरोपी का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार मिश्रा परिवार विरार पश्चिम के वाय के नगर स्थित फ्लैट नंबर 301, पूनम अंकाक्षा बिल्डिंग में रहता है। 29 अप्रैल 2026, बुधवार की सुबह सरिता देवी मिश्रा और उनकी बेटी नैनसी मिश्रा घर पर अकेले थीं। इसी दौरान नालासोपारा पूर्व के मोरेगांव निवासी शिवम उपाध्याय (27) विवाह की बातचीत के सिलसिले में उनके फ्लैट पर पहुंचा।

नैनसी मिश्रा (24) और शिवम के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो जल्द ही तीखी बहस में बदल गई। नैनसी शिवम से शादी नहीं करना चाहती थी, जबकि शिवम इस रिश्ते को लेकर अड़ा हुआ था। बताया गया कि मां सरिता मिश्रा (48) भी इस विवाह के विरोध में थीं, जिससे विवाद और बढ़ गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी शिवम ने पहले से बनाई योजना के तहत फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और घरेलू चाकू से नैनसी पर ताबड़तोड़ वार किए। बेटी पर हमला होते देख मां सरिता मिश्रा बीच-बचाव के लिए आगे आईं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी लगातार चाकू से वार कर दिया। इस हमले में मां-बेटी दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दोनों को मृत देख आरोपी ने उसी चाकू से अपने गले पर वार कर खुदकुशी करने की नाकाम कोशिश की। इस दौरान खिड़की का कांच भी टूट गया। आसपास के लोगों ने शोर-शराबा सुनकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची बोलींज पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन दल को बुलाया, क्योंकि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। दमकल कर्मियों ने खिड़की के रास्ते भीतर प्रवेश कर दरवाजा खोला। अंदर तीन लोग लहूलुहान अवस्था में फर्श पर पड़े मिले। जांच में मां-बेटी मृत पाई गईं, जबकि आरोपी शिवम की सांसें चल रही थीं।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल आरोपी को तत्काल नजदीकी संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। बोलींज पुलिस स्टेशन और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नैनसी मिश्रा और शिवम के बीच प्रेम संबंध था। शिवम के गुस्सैल स्वभाव के कारण दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसके बावजूद शिवम शादी को लेकर जिद पर अड़ा था कि वह शादी सिर्फ नैनसी से ही करेगा। कुछ दिन पहले दोनों परिवारों के बीच इस रिश्ते को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। इसी विवाद के चलते आरोपी ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story