विरार: नायगांव के जंगलों में चल रही अवैध शराब भट्ठियों पर क्राइम ब्रांच का छापा
मीरा-भायंदर वसई-विरार क्राइम ब्रांच ने मालजी पाडा के जंगलों में छापेमारी कर हाथभट्ठियों को नष्ट किया और 3.77 लाख का माल जब्त किया।

तस्वीर में झाड़ियों के पास जलती भट्टी पर रखा बड़ा ड्रम दिखाई दे रहा है।
विरार। वसई पूर्व के नायगांव जंगल और मैंग्रोव झाड़ियों से घिरे क्षेत्र में देशी दारू बनाने के अवैध कारोबार पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की। क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी कर देशी दारू बनाने वाली कई हाथभट्ठियां नष्ट कीं और 3,77,000 रुपये से अधिक का माल जब्त किया।
वसई तालुका में वसई पूर्व स्थित नायगांव का मालजी पाडा क्षेत्र पहाड़ियों और जंगल से घिरा हुआ है। चारों तरफ जंगल और मैंग्रोव झाड़ियों के कारण यह क्षेत्र शराब माफियाओं द्वारा देशी दारू बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां बड़े पैमाने पर हाथभट्ठियां चलाकर देशी शराब बनाने का गैरकानूनी कारोबार किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी।
मीरा भाईंदर वसई विरार आयुक्तालय अंतर्गत क्राइम ब्रांच विरार यूनिट 2 के सीनियर पीआई नितीन पाटील को देशी शराब बनाने वाली हाथभट्ठियों के संबंध में गुप्त सूचना मिली। इसके बाद उप आयुक्त संदीप दोइफोडे और एसीपी अमोल माडवे के मार्गदर्शन में तथा यूनिट 2 के सीनियर इंस्पेक्टर नितीन पाटील के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तैयार की गई।
टीम में सुनील पवार, संतोष गाडगे, अजित गीते, मुकेश पवार, रवि पवार, मनोज मोरे, चंदन मोरे, प्रफुल्ल पाटील, सचिन पाटील, जगदीश गोवारी, दादा अडके, राहुल कर्प, अक्षय बांगर और अनिल साबले शामिल थे। पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर चारों तरफ से घेराव बनाकर प्रातः करीब 5 बजे छापेमारी की।
जंगल क्षेत्र होने के कारण छोटे-मोटे रास्तों से पैदल वहां पहुंचना असम्भव और खतरे से खाली नहीं था। इसी वजह से पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराव कर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही हाथभट्ठियों पर दारू बनाने वाले लोग अंधेरे और झाड़ियों का लाभ उठाकर मौके से भाग गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कई हाथभट्ठियां तोड़ दीं। ड्रम में भरा कच्चा माल मौके पर ही बहा दिया गया। इसके साथ ही दारू बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों, पंप और भट्ठियों को भी तोड़ दिया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 3,77,000 रुपये से अधिक का माल जब्त किया।
पुलिस टीम इससे पहले भी इसी स्थान पर कई बार छापेमारी कर लाखों रुपये कीमत की देशी शराब नष्ट कर चुकी है। फिलहाल पुलिस ने भट्ठी चलाने वाले भरत राऊत और दारू बनाने वाले दो कामगारों के खिलाफ नायगांव पुलिस स्टेशन में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
