विरार पश्चिम के बोलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में निर्माणाधीन इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने से 26 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार समर्थ गृह निर्माण संस्था की विरार पश्चिम स्थित एक इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। इस निर्माणाधीन इमारत में ग्राम साहेब नगर, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल निवासी अब्दुल रियाजुल शेख, उम्र 26 वर्ष, मजदूरी का काम करता था। वह अपने अन्य मजदूरों के साथ पांचवीं मंजिल पर काम कर रहा था। काम के दौरान मजदूरों द्वारा किसी भी प्रकार के सेफ्टी बेल्ट का इस्तेमाल नहीं किया गया था।

काम के दौरान अचानक अब्दुल शेख का संतुलन बिगड़ गया और वह पांचवीं मंजिल से नीचे जा गिरा। नीचे गिरने के बाद उसके नाक, कान और मुंह से खून निकल रहा था। गंभीर रूप से जख्मी अब्दुल शेख को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपस्थित डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में उसे मृत घोषित कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर बोलिंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए अस्पताल भेज दिया। बोलिंज पुलिस ने अकस्मात मृत्यु के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

निर्माणाधीन इमारत में हुए इस हादसे में 26 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story