विरार: बोलिंज पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई 12 लाख की चोरी, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
घर की खोई हुई चाबी मिलने पर नाबालिग पड़ोसी ने साथियों संग मिलकर की थी 12 लाख की चोरी, पुलिस ने बरामद किए गहने।

विरार के बोलिंज पुलिस स्टेशन में चोरी के आरोपियों और बरामद सामान के साथ खड़ी डिटेक्शन ब्रांच की टीम।
विरार के बोलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया, जिसमें नाबालिग पड़ोसी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वेदांत फुल झा (उम्र 40 वर्ष), निवासी रूम नं 101/ए विंग, शाम सागर बिल्डिंग, विराट नगर, विरार पश्चिम, 22 मार्च 2026 को अपने परिवार के साथ बिहार स्थित मूल गांव गए थे। 13 अप्रैल 2026 को जब परिवार वापस लौटा तो घर का दरवाजा खुला मिला, जबकि वे जाते समय उसे लॉक कर गए थे। अनहोनी की आशंका में जब घर में प्रवेश किया गया, तो अंदर का सामान बिखरा हुआ था और बैडरूम में रखी तिजोरी से 10 लाख 53 हजार रुपये के आभूषण तथा डेढ़ लाख रुपये नकद गायब थे।
इस संबंध में बोलिंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीआई प्रकाश कावले के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता के 14 वर्षीय बेटे से घर की चाबी गुम हो गई थी, जिसे उसी बिल्डिंग में रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिग को मिली थी।
इसी बीच पुलिस को खबरी से सूचना मिली कि उक्त नाबालिग अपने परिचितों को सोने के आभूषण बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसके बयान के आधार पर भाविन किरण सोलंकी (उम्र 19 वर्ष), निवासी विराट नगर, विरार पश्चिम, को गिरफ्तार किया गया। आगे की पूछताछ में एक और आरोपी का नाम सामने आया, जिसने चोरी के आभूषण खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने लालू देवाभाई भरवाड़ (उम्र 26 वर्ष), निवासी पांचपायरी, चंदनसार, विरार पूर्व, को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के पास से 7,88,000 रुपये के आभूषण और नकद बरामद किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महज 24 घंटे में आरोपियों को पकड़कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए चोरी किया गया कीमती सामान वापस लौटा दिया।
डीसीपी सुहास बावचे के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है जिसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद उसने कुछ आभूषण बेचकर उस पैसे से एक मोबाइल, बाइक और महंगे कपड़े खरीदे। दोनों आरोपी छात्र हैं, जिनमें एक 11वीं और दूसरा 10वीं कक्षा का है। नाबालिग द्वारा आभूषण बेचने के लिए परिचितों से संपर्क करने के दौरान ही वह पुलिस की नजर में आया और गिरफ्तार हुआ।
यह घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि किस तरह एक छोटी सी लापरवाही—जैसे चाबी खोना—बड़ी आपराधिक घटना का कारण बन सकती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
