तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकराई, युवक की मौत; युवती गंभीर घायल
अर्नाला के कलंब बीच जाते समय तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकराई। हादसे में युवक की मौत और युवती गंभीर घायल हुई।

तस्वीर में अर्नाला के कलंब बीच के रास्ते पर स्थित वह पुल दिखाई दे रहा है, जहां तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकराई थी।
विरार पश्चिम स्थित अर्नाला के कलंब बीच जाते समय रविवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व के बिलाल पाड़ा निवासी इब्राहिम शेख (20) अपनी गर्लफ्रेंड स्नेहा गायकवाड़ (19), निवासी विक्रोली, के साथ रविवार को बाइक से अर्नाला के कलंब बीच घूमने जा रहा था। दोनों बाइक से सड़क पर बने पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई।
जोरदार टक्कर के कारण इब्राहिम शेख और स्नेहा गायकवाड़ दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल नगर पालिका के डी. एम. पेटिट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में दोनों का उपचार चल रहा था। इसी दौरान करीब 1:30 बजे इब्राहिम शेख की मौत हो गई।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल स्नेहा गायकवाड़ की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
शुरुआती जांच-पड़ताल में सामने आया है कि यह हादसा तेज रफ्तार बाइक चलाने के दौरान चालक के बाइक पर से नियंत्रण खोने के कारण हुआ। मामले में अर्नाला सागरी पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
