विरार अर्नाला बीच हादसा: 36 घंटे बाद समंदर से मिले डूबे दोनों छात्रों के शव, परिवारों में मातम
विरार के अर्नाला बीच पर समंदर में डूबे दो छात्रों के शव 36 घंटे बाद बरामद हुए। पुलिस और गोताखोरों की लगातार तलाश के बाद सामने आई दर्दनाक तस्वीर।

तस्वीर में ऊपर एक युवक चश्मा पहने समंदर के किनारे खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि नीचे की तस्वीर में दूसरा युवक घर के भीतर बैठा हुआ है।
विरार के अर्नाला बीच पर समंदर में नहाने के दौरान डूबे दो छात्रों के शव 36 घंटे की लगातार तलाश के बाद बरामद कर लिए गए। दोनों शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे नालासोपारा पश्चिम निवासी चार छात्र विरार पश्चिम स्थित अर्नाला बीच पर नहाने और मौज-मस्ती के लिए गए थे। इस दौरान उन्हें समंदर में उठ रही तेज लहरों का अंदाजा नहीं लग पाया और चारों लहरों के तेज बहाव में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात लाइफ गार्ड और अर्नाला पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान 16 वर्षीय साद अक्षर खान और 19 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल हसमुद्दीन शेख को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि अन्य दो छात्र समंदर के तेज बहाव में डूबकर लापता हो गए थे।
पिछले 36 घंटों तक मनपा अग्निशमन दल और पुलिस गोताखोरों ने लगातार तलाश अभियान चलाया। इसके बाद 17 वर्षीय शोएब ज़ाकिर अहमद खान का शव विरार पश्चिम स्थित नारंगी खाड़ी क्षेत्र के जूली बेट की झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। वहीं 19 वर्षीय अयान ज़ाकिर हुसैन मंडल का शव अर्नाला बीच से कुछ दूरी पर बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए अस्पताल भेज दिया है। 36 घंटे बाद दोनों छात्रों के शव मिलने से उनके परिवारों में मातम का माहौल है और इस हादसे से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
