विरार पश्चिम स्थित अर्नाला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अर्नाला बीच पर समंदर में नहाने गए चार लड़कों के डूबने की घटना सामने आई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर लापता दो युवकों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह विरार के रहने वाले चार लड़के समंदर में नहाने गए थे, तभी तेज लहरों की चपेट में आने से वे डूबने लगे। तैनात सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो अन्य की तलाश खबर लिखे जाने तक जारी है।

जानकारी के अनुसार, शोएब ज़ाकिर अहमद खान (उम्र 17 वर्ष) निवासी बुरान चौक, ऐन ज़ाकिर हुसैन मंडल (उम्र 19 वर्ष), साद अक्षर खान (उम्र 16 वर्ष) तथा मोहम्मद अब्दुल हसमुद्दीन शेख (उम्र 19 वर्ष) निवासी नवत नगर, नालासोपारा अपने दोस्तों के साथ विरार पश्चिम स्थित अर्नाला बीच पर नहाने पहुंचे थे। सभी लड़कों की उम्र 16 से 19 वर्ष के बीच बताई गई है।

घटना सुबह करीब 11 बजे की है। उस समय समंदर की लहरें तेज रफ्तार से उफान पर थीं। बताया गया कि लड़कों को लहरों की तीव्रता का अंदाजा नहीं था और वे मस्ती में नहा रहे थे। इसी दौरान एक बड़ी लहर की चपेट में आने से चारों तेज बहाव में डूब गए। चारों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने तत्काल तैनात सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों और गार्डों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मोहम्मद अब्दुल हसमुद्दीन शेख और साद अक्षर खान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हालांकि, अन्य दो लड़कों को नहीं बचाया जा सका। इसकी सूचना अर्नाला पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दोनों टीमों ने काफी प्रयास किए, लेकिन गायब दोनों लड़कों का पता नहीं चल सका। अधिकारियों ने बताया कि उस समय समंदर की लहरें तेज उफान पर थीं और पानी का बहाव समंदर की ओर होने के कारण रेस्क्यू अभियान चलाना बेहद कठिन था। खबर लिखे जाने तक दोनों लड़के नहीं मिले थे और उनकी तलाश लगातार जारी थी।

घटना के बाद पुलिस ने कहा कि समंदर किनारे प्रशासन की ओर से चेतावनी संबंधी नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें भर्ती के समय समंदर में नहाने से मना किया गया है। इसके बावजूद लोग इन निर्देशों की अनदेखी कर अपनी मनमानी करते हैं, जिसके कारण ऐसे हादसों में जान गंवाने की नौबत आ जाती है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story