मुंबई के विलेपार्ले (पश्चिम) क्षेत्र में मंगलवार, 11 अगस्त की रात कपड़ों की चालू इस्त्री से लगी आग ने एक मासूम बच्चे और उसकी घरेलू सहायिका की जान ले ली। विलेपार्ले चर्च रोड स्थित 12 मंजिला ‘शांता भवन’ इमारत में हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

आग की चपेट में आने से अढ़ाई वर्ष के मासूम बालक अबीर शाह और 23 वर्षीया घरेलू सहायिका अंकिता की धुएं में दम घुटने और झुलसने से दुखद मौत हो गई। हादसे के समय 11वीं मंजिल स्थित फ्लैट के हॉल में अंकिता कपड़े प्रेस कर रही थी और मासूम अबीर पास में ही खेल रहा था।

इसी दौरान अंकिता किसी काम से अंदर कमरे में गई। वह भूलवश इस्त्री का स्विच बंद करना भूल गई। कुछ ही समय में अत्यधिक गर्म हुई इस्त्री से कपड़ों में आग लग गई। देखते ही देखते आग पर्दों, लकड़ी के फर्नीचर और एसी तक पहुंच गई तथा वातानुकूलित हवा के साथ पूरे फ्लैट में तेजी से फैल गई।

जब तक अंकिता वापस हॉल में पहुंची, वहां आग की भयानक लपटें और धुआं भर चुका था। घबराहट में उसने अबीर को गोद में उठाया और सुरक्षा के लिए बेडरूम से लगे बाथरूम में खुद को बंद कर लिया। दुर्भाग्यवश, हवा की निकासी नहीं होने के कारण बाथरूम में जहरीला धुआं भर गया। दम घुटने और अत्यधिक गर्मी के कारण दोनों का करुण अंत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आग को ‘लेवल-2’ घोषित किया। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात 1 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।

बचाव कार्य के दौरान दमकलकर्मी मनोज सोनवणे सहित कई लोग धुएं से प्रभावित हुए। घायलों को तत्काल पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबीर और अंकिता को मृत घोषित कर दिया।

कपड़े प्रेस करने के दौरान चालू छोड़ी गई इस्त्री से शुरू हुई आग कुछ ही समय में पूरे फ्लैट में फैल गई और दो जिंदगियों को लील गई। इस दर्दनाक हादसे ने छोटी सी असावधानी के गंभीर परिणाम को सामने ला दिया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story