मुंबई के विद्याविहार इलाके में मंगलवार दोपहर सड़क चौड़ीकरण के काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन रोड पर आर एन गांधी स्कूल के पास डिमोलिशन का काम चल रहा था। इसी दौरान एक लोहे की छड़ अचानक उड़कर वहां से गुजर रहे 17 वर्षीय छात्र धीरेन जैन के सिर पर जा लगी। सिर में लोहे की छड़ लगने से छात्र मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।

घटना दोपहर करीब 3:50 बजे की है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र धीरेन जैन को इलाज के लिए पास के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्राजक्ता गिरि से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र का इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया और उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है।

हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण और डिमोलिशन के दौरान बीएमसी तथा ठेकेदारों की ओर से बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नागरिकों का कहना है कि व्यस्त सड़कों पर बिना सुरक्षा जाल या उचित घेराबंदी के काम करने से आम जनता की जान जोखिम में पड़ रही है।

घटना की सूचना पुलिस और संबंधित विभाग को दे दी गई है। प्रशासन अब हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story