वसई-विरार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन पर बविआ और बीजेपी में विवाद
क्षितिज ठाकुर द्वारा लोकार्पण की तैयारी पर बीजेपी नेताओं ने जताया विरोध, खेल परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात।

तस्वीर में जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करते हुए राजनीतिक दल के कार्यकर्ता और लोग दिख रहे हैं।
मुंबई। वसई-विरार शहर महानगरपालिका के नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स यानी खेल परिसर के उद्घाटन को लेकर शनिवार को क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया। बहुजन विकास आघाडी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर उनके बेटे तथा पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर के हाथों खेल परिसर का उद्घाटन कराने की तैयारी थी। बीजेपी के कड़े विरोध के बीच शनिवार सुबह खेल परिसर के बाहर बविआ और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
लोकार्पण समारोह का आयोजन महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटिल और उपमहापौर मार्शल लोपीस की देखरेख में किया गया था। इस बीच बीजेपी सांसद डॉ. हेमंत सावरा, विधायक स्नेहा दुबे पंडित और विधायक राजन नाइक सहित बीजेपी पदाधिकारियों ने क्षितिज ठाकुर द्वारा उद्घाटन किए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया।
बीजेपी नेताओं का कहना था कि सरकारी संपत्ति के उद्घाटन का अधिकार किसी विशेष राजनीतिक परिवार को नहीं दिया जा सकता। बीजेपी ने सुबह ही अलग से खेल परिसर का उद्घाटन करने की घोषणा की, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
कार्यक्रम को लेकर दोनों पक्षों की ओर से जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। इसके चलते खेल परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान बविआ और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई।
स्थिति को नियंत्रण में रखने और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने खेल परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
खेल परिसर के उद्घाटन को लेकर शुरू हुआ यह राजनीतिक विवाद अब वसई-विरार में बविआ और बीजेपी के बीच नए टकराव का कारण बन गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
