अस्पताल से लौट रही महिला की सोने की चेन छीनी, दो शातिर स्नैचर गिरफ्तार
वसई, नालासोपारा और आचोले में एक ही दिन हुई तीन चेन स्नैचिंग की वारदातों के बाद क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने चोरी की एक्टिवा और अन्य आपराधिक मामलों का भी खुलासा किया।

विरार क्राइम ब्रांच कार्यालय के बाहर पुलिस अधिकारियों की टीम के सामने चेन स्नैचिंग के दो आरोपी बैठे दिख रहे हैं।
मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत डिविजन-3 की क्राइम ब्रांच यूनिट ने चेन स्नैचिंग और बाइक चोरी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने के गहने और बाइक सहित अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई में चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी से जुड़े चार आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
मामले के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को एक महिला मनपा अस्पताल से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक्टिवा स्कूटर पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन खींच ली और मौके से फरार हो गए। महिला की शिकायत पर वालीव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसी तरह आचोले पुलिस स्टेशन क्षेत्र में भी एक महिला का मंगलसूत्र छीन लिया गया था। तीसरी घटना में बदमाशों ने एक महिला के गले से 20 ग्राम सोने की चेन खींची। इस दौरान आरोपियों और महिला के बीच हाथापाई और धक्का-मुक्की भी हुई।
तीनों वारदातों को एक्टिवा स्कूटर पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने अंजाम दिया था। खास बात यह रही कि तीनों चेन स्नैचिंग की घटनाएं एक ही दिन महज 30 से 40 मिनट के भीतर हुई थीं। लगातार हुई इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-3 के पुलिस निरीक्षक समीर शेख के मार्गदर्शन में विशेष जांच शुरू की गई।
जांच के लिए एपीआई अमोल तालेकर, मंगेश वडने, रामचंद्र पाटिल, शिवाजी पाटिल, किरण म्हात्रे, गोविंद केंद्र, प्रशांत पाटिल, राकेश पवार, इंद्रनील पाटिल, सुनील पाटिल, युवराज वाघमोड़े, सुमित जाधव, दत्तात्रय जाधव, आतिश पवार, तुषार दलवी और मनोहर तरडे सहित पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने उनकी तलाश तेज की।
इसके बाद पुलिस ने राकेश गोकुल राठौड़ (22), निवासी वसंत अपार्टमेंट, पंचवटी, नासिक और आदित्य कुंडलिक मांझिरे (20), निवासी राहुडे गांव, तहसील मुलशी, जिला पुणे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वसई, नालासोपारा और आचोले क्षेत्र में एक ही दिन तीन चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों का दौरा कर सभी वारदातों की समानांतर जांच की। विस्तृत जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 16 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वसई गांव के परनाका इलाके से सफेद रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटर चोरी की थी। इस स्कूटर का नंबर M.H. 48/A.Q. 7122 बताया गया है। आरोपियों ने इसी चोरी के स्कूटर का इस्तेमाल कर चेन स्नैचिंग की तीनों वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आचोले पुलिस स्टेशन, वालीव पुलिस स्टेशन और तुलिंज पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामले दर्ज किए हैं। वहीं, वसई गांव पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 303(2) के तहत वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने कुल 11 आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। वे पिछले कई महीनों से पुलिस से बचकर फरार चल रहे थे। क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों की जांच में अहम खुलासे हुए हैं।

