वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के आचोले स्थित इम्पीरियल हेरिटेज नामक बहुमंजिला इमारत में रात करीब एक बजे भीषण आग लगने से दो महिलाओं की झुलसकर मौत हो गई। इस घटना में दर्जनों लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। आग इमारत की 13वीं मंजिल पर लगी और देखते ही देखते 14वीं मंजिल तक फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं। करीब चार से पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान अग्निशमन विभाग ने 30 से 40 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के आचोले स्थित इम्पीरियल हेरिटेज बहुमंजिला इमारत में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। रात का समय होने के कारण इमारत में रहने वाले लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग लगने के बाद इमारत में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें बढ़ने लगीं और हवा के कारण आग ने 14वीं मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग और पुलिस को मौके पर बुलाया गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग के कारण इमारत में रहने वाले लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। अग्निशमन दल ने करीब 30 से 40 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एक हॉल में रखा गया। लगभग चार से पांच घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस आगजनी में अश्विनी पारकर (60 वर्ष) और फाल्गुनी शाह (50 वर्ष) की झुलसने से मौत हो गई। घटना में दर्जनों लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई है। आग लगने के कारणों की प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने मामले की जांच-पड़ताल करने के आदेश दिए। क्षेत्रीय विधायक स्नेहा पंडित/दुबे भी घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने की बात कही।

आग लगने की घटना के बाद इमारत में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इमारत में लगे फायर गैस एक्सपायर हो चुके थे, जिसके कारण सेंसर खराब हो गए और समय पर काम नहीं कर सके। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिल्डर ने अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर पूरी तरह लापरवाही बरती। इतनी बड़ी बहुमंजिला इमारत में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद वसई-विरार महानगरपालिका की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। इमारत के निर्माण की अनुमति किन आधारों पर दी गई थी और अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जांच किस तरह की गई थी, ऐसे कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया गया है, जबकि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में कथित खामियों और निर्माण संबंधी अनुमति को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story