मुंबई की सब्जी मंडी बनी फैशन रैंप, हाथों में मूली और धनिया लेकर कैटवॉक करते दिखे मॉडल
मुंबई के वसई स्थित सब्जी मंडी में 'विजन वोग फैशन वीक' का अनोखा आयोजन हुआ। यहां मॉडल महंगे हैंडबैग और आभूषणों की जगह हाथों में मूली और धनिया लेकर रैंप वॉक करते नजर आए। साहिल सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

तस्वीर में मॉडल्स महाराष्ट्र के वसई स्थित सब्जी मंडी की गलियों में सब्जियां हाथ में लेकर रैंप वॉक करते नजर आ रहे हैं।
महाराष्ट्र के वसई स्थित सब्जी मंडी में उस समय अनोखा नजारा देखने को मिला, जब सब्जियां खरीदने पहुंचे लोगों के बीच युवा मॉडल फैशन रैंप पर कैटवॉक करते नजर आए। आमतौर पर सब्जियों की खरीद-बिक्री के लिए पहचानी जाने वाली मंडी अचानक फैशन शो का मंच बन गई। इस अनोखे फैशन शो का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस आयोजन का नाम 'विजन वोग फैशन वीक' रखा गया था। इसमें पारंपरिक फैशन शो से अलग अंदाज अपनाया गया। जहां आमतौर पर मॉडल महंगे हैंडबैग, डिजाइनर आभूषण और आकर्षक फैशन एक्सेसरीज के साथ रैंप पर उतरते हैं, वहीं इस आयोजन में उन्होंने ताजी सब्जियों और मंडी में मिलने वाली रोजमर्रा की चीजों को अपने पहनावे का हिस्सा बनाया।
इस अनोखे फैशन शो की परिकल्पना मुंबई के फैशन मेंटर और मॉडल साहिल सिंह ने की थी। उन्होंने सब्जी मंडी की संकरी गलियों को फैशन रैंप में बदल दिया। साहिल सिंह की ओर से इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में युवा महिला और पुरुष मॉडल सब्जियों की दुकानों और खरीदारी कर रहे लोगों के बीच पूरे आत्मविश्वास के साथ कैटवॉक करते दिखाई दे रहे हैं।
इस फैशन शो में सबसे ज्यादा ध्यान मॉडल्स के हाथों में नजर आने वाली सब्जियों ने खींचा। एक मॉडल हाथ में मूली लेकर रैंप पर चलता दिखाई दिया, जबकि दूसरे मॉडल ने हाथ में धनिये की गड्डी पकड़ रखी थी। अन्य प्रतिभागियों ने भी सब्जियों और मंडी में उपलब्ध रोजमर्रा की वस्तुओं को अपने पहनावे और अंदाज का हिस्सा बनाया।
वीडियो को और आकर्षक बनाने के लिए इसके बैकग्राउंड में लोकप्रिय पहाड़ी गीत 'स्वामी परदेश' सुनाई दे रहा है, जिसने फैशन वॉक को स्थानीय रंग दिया।
साहिल सिंह ने बताया कि इस आयोजन की अवधारणा वोग से प्रेरित थी। इसका उद्देश्य पारंपरिक फैशन शो को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करना था। इस आयोजन में महंगे कपड़ों और डिजाइनर ब्रांड के बजाय आत्मविश्वास, व्यक्तिगत अभिव्यक्ति और रचनात्मकता को प्रमुखता दी गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस अनोखे प्रयोग की सराहना की। कई दर्शकों ने मॉडल्स के आत्मविश्वास और आयोजन की रचनात्मकता को पसंद किया। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, "वसई सब्जी मंडी फैशन शो!! मंडी रैंप वॉक!" वहीं अन्य यूजर्स ने "बहुत अनोखा", "यह बेहद रचनात्मक है" और "कपड़ों के साथ मूली मुफ्त" जैसी प्रतिक्रियाएं दीं।
वसई की सब्जी मंडी में आयोजित इस फैशन शो ने पारंपरिक रैंप वॉक से अलग एक ऐसा मंच तैयार किया, जहां महंगी फैशन एक्सेसरीज की जगह मूली और धनिये जैसी रोजमर्रा की सब्जियां आकर्षण का केंद्र बनीं। 'विजन वोग फैशन वीक' का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

