वसई पूर्व स्थित गौराई पाड़ा की अंबिका जूलरी शॉप में 17 सितंबर 2026 को बुर्का पहने दो महिलाएं आभूषण खरीदने के बहाने पहुंचीं। जूलर को बातों में उलझाकर दोनों ने झुमकों की ट्रे से सोने के 11 झुमके चोरी किए और डिजाइन पसंद नहीं आने की बात कहकर वहां से निकल गईं। मामले में फरार चल रही दूसरी महिला आरोपी को वालीव पुलिस ने मालेगांव के कमलापुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, वसई पूर्व स्थित गौराई पाड़ा में रामसिंह सूडासिंह दशाना की अंबिका जूलरी शॉप है। 17 सितंबर 2026 को बुर्का पहने दो अज्ञात महिलाएं आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में आई थीं। दोनों महिलाओं ने जूलर से कई प्रकार के आभूषण देखने शुरू किए। इसी दौरान उन्होंने झुमकों वाली ट्रे से कई झुमके चोरी कर लिए। इसके बाद डिजाइन पसंद नहीं आने की बात कहकर दोनों दुकान से चली गईं।

महिलाओं के जाने के बाद जूलर ने आभूषणों की गिनती की तो सोने के 11 झुमके गायब मिले। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दोनों महिलाएं बड़ी चालाकी से सोने के आभूषण चोरी करते हुए साफ दिखाई दीं। जूलर ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ वालीव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद वालीव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप केरकर के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि दोनों शातिर अपराधी हैं और कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं। दोनों के मूल रूप से महाराष्ट्र के नाशिक जिले की रहने वाली होने की जानकारी सामने आई।

पक्की खबर मिलने के बाद पुलिस की एक टीम नासिक पहुंची और दोनों महिलाओं की जानकारी हासिल की। हालांकि, इसी बीच एक महिला मौके से गायब हो गई। पुलिस टीम ने एक पुरुष और महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वसई पूर्व स्थित ज्वैलर्स शॉप से सोने के झुमके चोरी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने मुनज्जा बी शेख उर्फ मन्नो, उम्र 25 वर्ष, निवासी मालेगांव और नदीम गयासुद्दीन शेख, उम्र 43 वर्ष, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी किए गए सोने के झुमके, मोबाइल और कार सहित 8 लाख 10 हजार रुपये का सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, पुरुष आरोपी भागने में मदद करने वाला कार चालक है।

वहीं, फरार महिला आरोपी अन्नौ उर्फ साजिदा बशीर खान उर्फ अंसारी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में फरार महिला साथी के बारे में जानकारी मिली। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन पुलिस के पीछा करने की भनक लगते ही वह ठिकाना बदल देती थी।

आखिरकार वालीव पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर उसका पीछा करते हुए फरार महिला आरोपी अन्नौ उर्फ साजिदा बशीर खान उर्फ अंसारी को मालेगांव के कमलापुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों अपराधियों के खिलाफ महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वालीव पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फरार महिला की गिरफ्तारी के साथ जूलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है और चोरी के सामान की बरामदगी भी की गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story