वसई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 97.91 लाख की नकली करंसी के साथ एक गिरफ्तार
वसई क्राइम ब्रांच ने 97.91 लाख की नकली करंसी के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। मांडवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज, जांच जारी।

तस्वीर में वसई में पुलिसकर्मी और संदिग्ध व्यक्ति कार्रवाई के दौरान नजर आ रहे हैं।
मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन-2 की क्राइम ब्रांच वसई यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 97 लाख 91 हजार रुपये की नकली भारतीय करंसी बरामद की है। पुलिस टीम ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मांडवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, डिविजन-2 की क्राइम ब्रांच वसई यूनिट को विश्वसनीय मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर बड़ी मात्रा में रुपयों की हेराफेरी करने वाले हैं। सूचना के आधार पर डिविजन-2 की क्राइम ब्रांच वसई यूनिट के पीआई अविराज कुराडे और उनकी टीम ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे स्थित शिरसाट फाटा पर जाल बिछाया।
पुलिस टीम ने हाईवे के दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी की और आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक कार चालक पुलिस से बचने की कोशिश करता हुआ दिखाई दिया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस को उस पर संदेह हुआ। पुलिस ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग में भारतीय करंसी मिली। जांच करने पर बैग से 500 रुपये के 19,582 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 97 लाख 91 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस टीम ने कार क्रमांक MH 48/BT-8686 और अन्य सामग्री सहित एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति का नाम प्रदीप आत्माराम पाटील है। वह काशिदकोपर, मांडवी का रहने वाला है। उसके खिलाफ मांडवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
इतनी बड़ी मात्रा में जाली करंसी बरामद होने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब एक करोड़ रुपये की जाली करंसी मिलने के मामले में किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता है। बरामद जाली करंसी कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इन सवालों को लेकर पुलिस की आगे की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
