वसई पूर्व में दर्दनाक हादसा: घर के पीछे नाले में गिरने से 2 वर्षीय अंकुश की मौत
वसई पूर्व के सातीवली में घर के बाहर खेलते समय नाले में गिरा मासूम, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन 2 अंतर्गत वालीव पुलिस स्टेशन क्षेत्र में घर के बाहर खेलते समय नाले में गिरने से दो वर्षीय मासूम बच्चे अंकुश तुरिया की मौत हो गई। बच्चा खेलते-खेलते घर के पीछे चला गया था, जहां बने नाले में गिरने से उसकी जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने अकस्मात मृत्यु के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शहदेव राजो तुरिया (45) वसई पूर्व के सातीवली स्थित विहार कॉलोनी में रहते हैं और मजदूरी करते हैं। दोपहर करीब 2 बजे उनका दो वर्षीय बेटा अंकुश तुरिया घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर के पीछे चला गया और वहां से गुजर रहे नाले में गिर गया। नाले में गिरने के कारण बच्चे के मुंह में कीचड़ भर गया।
बच्चे के नाले में गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे मनपा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपस्थित डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से घटना की सूचना वालीव पुलिस को दी गई।
घटना के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और डॉक्टरी जांच के आधार पर अकस्मात मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की आगे छानबीन कर रही है। घर के बाहर खेलते समय हुए इस हादसे में दो वर्षीय बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
