वालीव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक और सूने घरों में चोरी करने वाले पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 8 अपराधों का खुलासा
वसई के वालीव क्षेत्र में बाइक चोरी और सूने घरों में सेंध लगाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। पांच शातिर आरोपी गिरफ्तार हुए और लाखों रुपये का सामान बरामद हुआ। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।

वसई पूर्व के वालीव पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए पांच शातिर चोरों की फाइल फोटो, जिनसे चोरी के वाहन और नकदी बरामद की गई है।
वसई पूर्व के वालीव क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर आखिरकार पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया। मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के डिवीजन-02 अंतर्गत वालीव पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच ने बाइक चोरी और बंद घरों व कंपनियों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये का कीमती सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वालीव क्षेत्र एक प्रमुख औद्योगिक इलाका है, जहां सैकड़ों छोटी-बड़ी कंपनियां संचालित होती हैं और यहां चोरी की घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं। इसी क्रम में 4 जून 2026 की रात करीब 12 बजे एक कंपनी से 56 हजार रुपये मूल्य की 400 प्लेट चोरी कर अज्ञात चोर फरार हो गए थे। घटना की शिकायत वालीव पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक दिलीप घुगे के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। सहायक पुलिस निरीक्षक विश्वासराव बाबर, किरण म्हात्रे, विनायक राऊत, शैलेश पाटील, अनिकेत पाटील, प्रशांत सावदेकर और सचिन लांडगे सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने के बाद तकनीकी जांच और रिकॉर्डधारी अपराधियों की जानकारी जुटाई गई।
मुखबिरों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुभम अविनाश पाठक, इरफान नईमउद्दीन (नालासोपारा पूर्व), फैजल रेहमान मोहम्मद कासिम बंजारा (मलाड), राजेश कुमार दशमीलाल सरोज (कांदिवली) और विजय बहादुर गौड़ (धानिव बाग, नालासोपारा पूर्व) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संबंधित कंपनी में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
डीसीपी अशोक विरकर ने बताया कि शुभम अविनाश पाठक और फैजल रेहमान मोहम्मद कासिम बंजारा हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं। इनके खिलाफ वालीव, पेल्हार और नायगांव पुलिस स्टेशनों में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 3.43 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया है, जिसमें एक ऑटो रिक्शा, चार बाइक, नकदी और मोबाइल फोन शामिल हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है।
वालीव पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय संगठित चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर राहत की भावना देखने को मिल रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
