मुंबई। महाराष्ट्र में महापालिका चुनावों की आहट तेज होते ही राजनीतिक आरोप–प्रत्यारोपों का दौर और तीखा होता जा रहा है। इसी कड़ी में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महायुति गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए ठाकरे ने कहा कि राज्य में चुनावी जीत के लिए “पैसे की अतिवृष्टि” की जा रही है और महाराष्ट्र में ऐसा माहौल पहले कभी देखने को नहीं मिला।

प्रदूषण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई की हवा लगातार खराब हो रही है और लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनती जा रही है। ठाकरे का आरोप था कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के बजाय प्राकृतिक धरोहरों को नुकसान पहुंचाने की योजनाएँ बना रही है। उन्होंने संजय गांधी नेशनल पार्क को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार इसे नष्ट करने की ओर बढ़ रही है। नासिक में तपोवन क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि कुंभ के लिए साधुग्राम बनाने की योजनाओं के चलते बड़े पैमाने पर पेड़ काटे जा रहे हैं और जिस पवित्र स्थान पर भगवान राम ने समय बिताया था, उसे ही नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “हिंदुत्व” के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अजित पवार पर टिप्पणी करते हुए ठाकरे ने कहा कि वह उन्हें उपमुख्यमंत्री नहीं मानते, बल्कि सिर्फ वित्त मंत्री के रूप में देखते हैं। उन्होंने तंज कसा कि पवार स्वयं कहते हैं कि “तिजोरी” उनके पास है, जबकि चंद्रकांत पाटील दावा करते हैं कि तिजोरी की चाबी उनके पास है। ठाकरे ने बिना नाम लिए एक अन्य नेता पर भी व्यंग्य किया और कहा कि “एक दाढ़ी वाला अपनी दाढ़ी खुजाता रहता है, उसे खुद नहीं पता उसके हाथ में क्या है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेताओं के लिए चुनाव प्रचार महज हेलीकॉप्टर की उड़ानों तक सीमित है, जबकि आम लोगों की परेशानी से उनका कोई सरोकार नहीं है। ठाकरे का कहना था कि महाराष्ट्र ने पहले कभी पैसों के ऐसे खुले इस्तेमाल और राजनीतिक ‘मस्ती’ का दृश्य नहीं देखा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उद्धव ठाकरे ने दोहराया कि आगामी चुनाव राज्य के भविष्य के लिए निर्णायक होंगे और जनता को समझना होगा कि विकास, पर्यावरण संरक्षण और पारदर्शिता के मुद्दों पर राज्य की दिशा किस ओर जा रही है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story