मुंबई। देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए यूको बैंक ने मुंबई में “एमएसएमई एक्सीलेंस एवं एम्पावरमेंट कॉन्क्लेव – 2025” का भव्य आयोजन किया। नरीमन पॉइंट स्थित यशवंतराव चव्हाण सेंटर में आयोजित इस कॉन्क्लेव ने उद्यमियों, नीति निर्माताओं और वित्तीय विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां विकास, नवाचार और वित्तीय समावेशन पर गहन मंथन हुआ।

यूको बैंक के अंचल कार्यालय, मुंबई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 60 से अधिक एमएसएमई एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े ग्राहकों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों ने अपने-अपने उत्पादों और गतिविधियों से जुड़े स्टॉल लगाए, जिससे न केवल उनके व्यवसायों को मंच मिला, बल्कि अन्य उद्यमियों को भी प्रेरणा प्राप्त हुई। यह कॉन्क्लेव आपसी सहयोग, नेटवर्किंग और व्यवसायिक संभावनाओं को विस्तार देने का एक प्रभावी माध्यम बना।

कॉन्क्लेव की अध्यक्षता यूको बैंक के प्रधान कार्यालय, कोलकाता के मुख्य महाप्रबंधक राजेश नगर ने की। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए एमएसएमई एवं कृषि व्यवसाय में सतत वृद्धि के लिए बैंक की प्रतिबद्धता और अपेक्षाओं को विस्तार से रखा। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (बिजनेस डेवलपमेंट) राजीव गुप्ता द्वारा स्वागत उद्बोधन से हुई, जिसमें उन्होंने बैंक की रणनीतियों और भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया।

तकनीकी सत्र में श्रीराम, सहायक महाप्रबंधक एवं एसएमई एवं कृषि हब प्रमुख, मुंबई ने पावर-पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं और सरकारी सहयोगी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। इसके साथ ही आमंत्रित विशेषज्ञों ने एमएसएमई और कृषि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और संभावनाओं पर अपने विचार रखे। इनमें भारत सरकार के एमएसएमई विभाग के सहायक निदेशक मयंक राज योगी, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की एमएसएमई लिस्टिंग प्रमुख राधा कृतिवासन, ईसीजीसी के महाप्रबंधक आर. के. पांडियन, केवीआईसी के सहायक निदेशक उदय पी. बर्हाटे तथा इन्फोमेरिक्स वैल्यूएशन एंड रेटिंग प्रा. लि. के सीनियर डायरेक्टर अविनाश चंद्र शामिल रहे।

विशेषज्ञों ने एमएसएमई एवं कृषि क्षेत्र को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए इसके विकास में वित्तीय संस्थानों, नीति समर्थन और उद्यमियों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में संदीप कुमार, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, अंचल कार्यालय मुंबई ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

यह कॉन्क्लेव न केवल यूको बैंक की विकासोन्मुख सोच को दर्शाता है, बल्कि एमएसएमई और कृषि क्षेत्र के लिए एक सशक्त, समावेशी और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में उठाया गया एक सार्थक कदम भी सिद्ध हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story