चेंबूर में 'टिफिन पर चर्चा' और 'सीक्रेट सखी' कार्यशाला का आयोजन
साध्वी निर्वाणश्री के सानिध्य में आयोजित कार्यशाला में सामाजिक समस्याओं और वैवाहिक संबंधों पर हुआ विचार-विमर्श।

चेंबूर महिला मंडल द्वारा आयोजित 'टिफिन पर चर्चा' कार्यशाला में सामाजिक विषयों पर संवाद करतीं सदस्य।
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में चेंबूर महिला मंडल की ओर से तेरापंथ सभा भवन, चेंबूर में ‘टिफिन पर चर्चा’ और ‘सीक्रेट सखी’ कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। आचार्य महाश्रमण की विदुषी सुशिष्या साध्वी श्री निर्वाणश्री के सानिध्य में आयोजित इन कार्यशालाओं में सामाजिक समस्याओं, वैवाहिक संबंधों और महिलाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री निर्वाणश्री ने नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ किया। इसके बाद तेरापंथ महिला मंडल की बहनों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
‘संवाद विद संवाद’ कार्यशाला के अंतर्गत तेरापंथ महिला मंडल, चेंबूर की उत्साही बहनों ने विभिन्न ज्वलंत सामाजिक समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। चेंबूर महिला मंडल की अध्यक्ष ममता कच्छारा और मंत्री पायल मांडोत की अध्यक्षता में आयोजित इस परिचर्चा में समाज में बढ़ते तनाव, तलाक, सामाजिक विसंगतियों, लड़कियों के करियर के प्रति अत्यधिक रुझान और घर के प्रति लापरवाही जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
इन विषयों पर साध्वी श्री निर्वाणश्री और साध्वी श्री डॉ. योगक्षमप्रभा ने सुंदर एवं सटीक ढंग से अपने विचार रखे। परिचर्चा में इस बात पर भी विमर्श हुआ कि इन सामाजिक परिस्थितियों के प्रति महिलाओं और समाज की क्या सोच होनी चाहिए।
कार्यशाला में स्वाद और संवाद का अनूठा संगम भी देखने को मिला। दीपावली के उपलक्ष्य में बहनों ने डब्बा पार्टी का आयोजन किया। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक विषयों और मुद्दों पर आपसी चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिला मंडल की अध्यक्ष ममता कच्छारा, मंत्री पायल मांडोत, क्रांति सुराणा, कांता बड़ाला, जूली परमार, वीणा कोठारी, पूजा सिंयाल और सक्रिय कार्यकर्ता अनीता गेलड़ा सहित तेरापंथ महिला मंडल की बहनों की शानदार उपस्थिति रही।
‘सीक्रेट सखी’ कार्यशाला के अंतर्गत आयोजित कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में अनीता गेलड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूली परमार और क्रांति सुराणा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।
विवाह तथा तलाक विषय पर आयोजित परिचर्चा में क्रांति सुराणा और वनिता बाफना ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की रूपरेखा लीना सिंघवी ने प्रस्तुत की, जबकि कुशल संचालन जूली परमार ने किया।
दोनों कार्यशालाओं के माध्यम से महिलाओं ने सामाजिक चुनौतियों, वैवाहिक संबंधों और पारिवारिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए। धार्मिक सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में संवाद, सहभागिता और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
