मुंबई में थामला जैन मित्र मंडल का 35वां स्नेह सम्मेलन संपन्न: भक्ति, शक्ति और संगठन का दिखा अद्भुत संगम
मुंबई के शिलफाटा में थामला जैन मित्र मंडल का 35वां वार्षिक स्नेह सम्मेलन धूमधाम से संपन्न हुआ। भामाशाह गणपतलाल सोनी परिवार के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और समाज के संगठन पर चर्चा की गई। थामला ग्राम के सैकड़ों सदस्यों की उपस्थिति में यह आयोजन एकता और सौहार्द का प्रतीक बना।

मुंबई। मायानगरी के शिलफाटा स्थित बी.के. वाटर पार्क में आयोजित थामला जैन मित्र मंडल का 35वां वार्षिक स्नेह सम्मेलन अपनी भव्यता और आत्मीयता के कारण इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। थामला ग्राम की गौरवशाली परंपरा और एकजुटता का प्रतीक बना यह आयोजन न केवल मनोरंजन का केंद्र रहा, बल्कि इसने समाज के भीतर प्रेम, वात्सल्य और सौहार्द की जड़ों को और अधिक गहरा कर दिया। इस ऐतिहासिक दिन की शुरुआत थामला के आधार स्तंभ भामाशाह गणपतलाल, नरेश, संजय, मोहित और ऋतिक सोनी (नेरुल परिवार) के सान्निध्य में हुई, जिन्हें समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रायोजक परिवार ने भी खुले मन से समस्त थामला वासियों का अभिनंदन कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
दिन की तपिश के बीच थामला गांव के सदस्यों ने वाटर पार्क की रोमांचक राइड्स, वेवपूल, लेजिपुल और रेन डांस का भरपूर आनंद लिया, जिससे माहौल में उत्साह और उमंग का संचार हुआ। संगठन की मजबूती को लेकर महिला मंडल और मित्र मंडल की महत्वपूर्ण बैठकें भी आयोजित की गईं। महिला मंडल अध्यक्ष लता सोनी के कुशल नेतृत्व में महिलाओं ने समाज के उत्थान पर चर्चा की। दोपहर में आयोजित मुख्य सभा का शुभारंभ पवित्र 'नमस्कार महामंत्र' के साथ हुआ। अध्यक्ष नरेश सोनी ने अपने स्वागत संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि स्नेह सम्मेलन केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि आपसी परिचय और संबंधों को प्रगाढ़ करने का एक सुनहरा सेतु है। इस दौरान भगवती लाल सोनी ने अपनी मधुर आवाज में स्वागत गीतिका प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंच से धर्मचंद बडालमिया, शांतिलाल कुमठ, चांदमल कुमठ, अनिल सोनी और किशन सोनी ने अपने ओजस्वी विचार साझा किए, जबकि कोषाध्यक्ष राजेश सोनी ने पूरी पारदर्शिता के साथ आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सुचारु संचालन निवर्तमान अध्यक्ष चंद्रेश सोनी ने किया और मंत्री महावीर सोनी ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया। जैसे-जैसे शाम ढली, माहौल भक्ति के रंग में रंग गया। 'एक शाम नाकोड़ा पार्श्व प्रभु के नाम' भक्ति संध्या में गायक धैर्य राठौड के भजनों पर पूरा थामला समाज झूम उठा। इस दौरान प्रायोजक परिवार द्वारा प्रस्तुत की गई लघु नाटिका ने सभी का दिल जीत लिया।
समारोह में समाज के गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिनमें संपत लाल सोनी, मदनलाल सोनी, रायचंद सोनी, छोगालाल सोनी, विनोद कुमठ, सुनील सोनी, अनिल सोनी, मांगीलाल सोनी, मांगीलाल बडालमियां, अजीत कुमठ, राजेश सोनी, रमेश एम सोनी, आनंद सोनी, प्रदीप सोनी, संपत सिंयाल, अरुण सोनी, रमेश आर सोनी, राजेश एस कुमठ, अशोक सोनी, रोशन लोढ़ा, राजेश जी. कुमठ, बाबूलाल लोढ़ा, राजेश डी सोनी, नरेश चपलोत, थामला उप सरपंच दीपक सोनी, राजेश सियाल, राकेश सोनी, संजय सोनी, रवि सोनी, अमित कुमठ, युवा मित्र मंडल अध्यक्ष पवन सोनी, कोषाध्यक्ष डॉ. विकास कुमठ, मोहन कुमठ, कमलेश कोठारी, विनोद बी सोनी, उत्तम सोनी, प्रवीण सोनी, जितेंद्र सोनी, चक्षु बडालमियां, जितेश सोनी, जितेंद्र पुनमिया, गिरीश कुमठ, अमित कुमठ और विवेक पुनमिया शामिल थे। महिला मंडल की ओर से प्रेमलता सोनी, लता सोनी, आशा सोनी और मंत्री सीमा सियाल ने अपनी पूरी कार्यकारिणी के साथ व्यवस्थाओं को संभाला। यह सम्मेलन अंततः समाज की अखंडता और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लेकर संपन्न हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
