मुंबई। ठाणे तेरापंथ समाज की ओर से आयोजित चारित्रात्मा दर्शन यात्रा में श्रद्धालुओं ने मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में विराजित चारित्रात्माओं के दर्शन कर मंगल पाठ का श्रवण किया। यात्रा का शुभारंभ माजीवाड़ा स्थित तेरापंथ भवन में विराजित मुनि कुलदीप कुमार एवं मुनि मुकुल कुमार के दर्शन और मंगल पाठ से हुआ।

मुनि कुलदीप कुमार एवं मुनि मुकुल कुमार से मंगल आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद समाजजन दो बसों से मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान कांदिवली में शासनश्री साध्वी विद्यावती, विलेपार्ले में साध्वी राकेशकुमारी, चेंबूर में साध्वी निर्वाणश्री तथा वाशी में शासनश्री साध्वी शिवमाला एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के दर्शन किए गए।

श्रद्धालुओं ने चारित्रात्माओं के समक्ष खमत-खामणा कर मंगल पाठ का श्रवण किया। चारित्रात्माओं के सान्निध्य में यात्रा के दौरान वातावरण श्रद्धा और आध्यात्मिक भावों से जुड़ा रहा। साध्वीवृंद के आत्मीय भावों के साथ स्थानीय श्रावक समाज ने श्रद्धालुओं का प्रेमपूर्ण स्वागत किया, जिससे यात्रा का आयोजन विशेष रहा।

सामूहिक सहभागिता, सेवा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न चारित्रात्मा दर्शन यात्रा ठाणे तेरापंथ समाज की एकजुटता और चारित्रात्माओं के प्रति श्रद्धा का उदाहरण बनी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story