मुंबई। ठाणे, कलवा, मुंब्रा और दिवा में रहने वाले लोगों को 36 घंटे तक पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। एमआईडीसी के जांभूल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में मरम्मत और रखरखाव के जरूरी काम के चलते इन इलाकों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। ठाणे बीएमसी ने नागरिकों से पानी की कटौती शुरू होने से पहले ही पर्याप्त पानी जमा करने और उसका सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की है।

मिली जानकारी के अनुसार, पानी की आपूर्ति गुरुवार रात 12 बजे से बंद होगी और शनिवार 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक प्रभावित रहेगी। इस दौरान कुल 36 घंटे तक संबंधित इलाकों में पानी नहीं आएगा। जांभूल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में चल रहे मरम्मत और रखरखाव के काम के कारण यह निर्णय लिया गया है।

पानी की कटौती से प्रभावित होने वाले इलाकों में पूरा दिवा शहर शामिल है। मुंब्रा के कुछ हिस्सों में भी आपूर्ति बंद रहेगी, हालांकि वार्ड नंबर 26 और 31 को इससे बाहर रखा गया है। इसके अलावा कलवा के पूरे इलाके में पानी की सप्लाई बंद रहेगी। वागले एस्टेट के रूपादेवी पाडा, किसन नगर नंबर 2 और नेहरू नगर में भी लोगों को पानी नहीं मिलेगा। मानपाडा के कोलशेत खालचा गाँव में भी 36 घंटे तक पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पानी की सप्लाई बंद होने से पहले घरों में जरूरत के मुताबिक पानी भरकर रख लें, ताकि दैनिक कामकाज में परेशानी न हो। साथ ही, कटौती की अवधि में पानी का इस्तेमाल बेहद सावधानी और किफायत से करने को कहा गया है।

मरम्मत और रखरखाव का काम पूरा होने के बाद पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू की जाएगी। हालांकि, सप्लाई बहाल होने के शुरुआती 1 से 2 दिन तक नलों में पानी का प्रेशर कम रह सकता है। ऐसे में नागरिकों को सामान्य दबाव से पानी मिलने में कुछ समय लग सकता है। प्रशासन ने लोगों से इस दौरान धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने का अनुरोध किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story