महाराष्ट्र के ठाणे शहर में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर तीन हाथ नाका के पास मुंबई-III जल आपूर्ति परियोजना की मुख्य पाइपलाइन में अचानक बड़ा रिसाव होने से मुंबई और आसपास के निचले क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही ठाणे और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के जल विभाग का प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और पाइपलाइन की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, यह 3000 मिलीमीटर व्यास वाली बेहद महत्वपूर्ण मुख्य पाइपलाइन है। इतनी बड़ी जलवाहिनी में लीकेज के कारण भारी मात्रा में पानी बहने लगा था। इसके चलते मुंबई और आसपास के निचले क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

मुख्य जलवाहिनी में रिसाव की सूचना के बाद नगर निगम के संबंधित अधिकारी, इंजीनियर और कर्मचारी चौबीसों घंटे घटनास्थल पर मुस्तैद हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रण में लाने और मरम्मत कार्य को तेजी से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।

हालांकि, मरम्मत कार्य पूरा होने तक संबंधित प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति में कटौती या कम दबाव से जलापूर्ति हो सकती है। बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से पानी का सोच-समझकर इस्तेमाल करने और संयम बनाए रखने की अपील की है।

मुख्य जल पाइपलाइन में हुए इस बड़े रिसाव के कारण मरम्मत पूरी होने तक प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति की स्थिति पर प्रशासन की निगरानी बनी हुई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story