ठाणे में अणुव्रत समिति ने मनाया पर्यावरण शुद्धि दिवस, लगाए नीम के पौधे
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत पौधारोपण कर जल संरक्षण, प्लास्टिक त्याग और स्वच्छता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

ठाणे में पार्क के पास बैनर के सामने खड़े अणुव्रत समिति के सदस्य।
मुंबई। अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति, मुंबई-क्षेत्र ठाणे की ओर से अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण शुद्धि दिवस मनाया गया। कार्यक्रम ब्रह्मांड गार्डन, बाबूभाई पेट्रोल पंप के पास, ठाणे (पश्चिम) और सावरकर नगर के वैध विद्यालय स्कूल में आयोजित किया गया। इस दौरान नीम के पौधे लगाए गए।
अणुव्रत के महत्वपूर्ण संकल्पों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रमुखता दी गई है। कार्यक्रम में अणुव्रत कार्यकर्ता प्रिया मुथा ने कहा, "सब जानते हैं कि अगर हवा, पानी और धरती शुद्ध नहीं होगी तो हमारा जीवन भी शुद्ध नहीं होगा। इसलिए आज हम सभी को संकल्प लेना है कि हम अधिक से अधिक पेड़ लगाएं।"
वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर कच्छारा ने कहा, "अणुव्रत की अलख जगाएं, धरती को स्वर्ग बनाएं, चलो चलें हम वृक्ष लगाएं।" जोन प्रभारी विमला हिरण ने कहा, "जल का संयम से उपयोग करेंगे, प्लास्टिक का त्याग करेंगे और अपने आसपास स्वच्छता रखेंगे। यही सच्ची अहिंसा है जो जीवन के प्रति ही नहीं, प्रकृति के प्रति भी होगी।"
अणुव्रत समिति मुंबई, क्षेत्र ठाणे के संयोजक भंवर दास वैष्णव जैन ने कहा, "पेड़, नदियाँ और धरती पर्यावरण का हिस्सा हैं। मनुष्य का जीवन पूरी तरह पर्यावरण पर निर्भर है।"
मोटिवेशनल स्पीकर अल्फा शाह ने कहा, "पेड़-पौधे हमेशा ज्यादा से ज्यादा लगाने चाहिए क्योंकि वे हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।" डॉ. अक्षय जोडके ने कहा, "धरती हमारी माँ है, इसकी रक्षा करना हमारा पहला कर्तव्य है। पर्यावरण शुद्ध होगा तभी जीवन शुद्ध होगा।"
भारतीय जनता पार्टी, ठाणे शहर जिला कार्यकारिणी सदस्य दिलीप भाई शाह ने कहा, "ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं, पानी को व्यर्थ न बहाएं, प्लास्टिक की जगह कागज और कपड़े का इस्तेमाल करें, कूड़ा-कचरा सही जगह पर डालें।"
अणुव्रत समिति क्षेत्र ठाणे के सह-संयोजक सुखीया मांडोत ने कहा, "पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है, स्वच्छ पर्यावरण में ही स्वस्थ जीवन संभव है।" सह-संयोजक सुभाष हिंगड़ ने कहा, "पेड़ लगाओ, धरती बचाओ।"
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर कच्छारा, सहमंत्री कमलेश दुग्गड़, संयोजक भंवर दास वैष्णव जैन, जोन प्रभारी विमला हिरण, लायंस और इनरव्हील एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य पंडित, डॉ. अक्षय जोडके, दिलीप भाई शाह, फिटनेस कोच अल्फा शाह, सह-संयोजक सुखीया मांडोत, केतन भाई रायवरिया आदि का विशेष सहयोग रहा। पर्यावरण शुद्धि दिवस के माध्यम से वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक त्याग और स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
