मुंबई। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन एवं तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई के तत्वावधान में 20 अगस्त 2026 को दोपहर में महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी, दक्षिण मुंबई में सार संभाल यात्रा के अंतर्गत संगठन यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आचार्यश्री महाश्रमणजी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।

सार संभाल यात्रा के लिए दक्षिण मुंबई पधारे अभातेयुप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (द्वितीय) श्री अभिनंदन नाहटा। इस अवसर पर मुंबई सार संभाल परिषदों की यात्रा सहयोजक श्री महेश परमार एवं श्री अर्जुन सोनी, अभातेयुप से महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश जोनल कॉर्डिनेटर श्री कमलेश भंसाली, शाखा प्रभारी एवं राष्ट्रीय किशोर मंडल प्रभारी श्री मयंक धाकड़ तथा अभातेयुप सदस्य श्री मनीष रांका की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। नितेश धाकड़, दर्शन डागलिया, पूरण चपलोत एवं मिखिल डागलिया ने विजय गीत का संगान किया। इसके बाद अभातेयुप राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अभिनंदन नाहटा ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कराया।

तेयुप दक्षिण मुंबई अध्यक्ष सुमित सुराणा ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए अभातेयुप के सभी पदाधिकारियों, तेरापंथ समाज दक्षिण मुंबई के पदाधिकारियों एवं उपस्थित श्रावक समाज का हार्दिक स्वागत-अभिनंदन किया। उन्होंने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल का विजन प्रस्तुत करते हुए कहा कि वे प्रत्येक कार्यक्रम को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए उसे युवाओं को संघ से जोड़ने एवं उनमें संस्कारों का निर्माण करने के अवसर के रूप में देखते हैं। उन्होंने आगामी नेत्रदान पखवाड़ा एवं मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) सहित विभिन्न आयामों की योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।

तेयुप दक्षिण मुंबई मंत्री श्रेयांस मुनोत ने वर्ष 2026 के अब तक के कार्यकाल में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण अभातेयुप टीम के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद तेरापंथ किशोर मंडल दक्षिण मुंबई संयोजक आर्यन निम्जा ने किशोर मंडल द्वारा अब तक किए गए कार्यों, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। अल्प अवधि में तेयुप एवं किशोर मंडल दक्षिण मुंबई द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सदन ने ओम अर्हम् की सामूहिक ध्वनि से सराहना की।

इस अवसर पर आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन अध्यक्ष श्री कुंदनमल धाकड़, श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा दक्षिण मुंबई अध्यक्ष श्री देवेंद्र डागलिया, निवर्तमान अध्यक्ष श्री सुरेश डागलिया एवं तेरापंथ महिला मंडल दक्षिण मुंबई अध्यक्षा श्रीमती लतिका डागलिया ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समस्त तेरापंथ समाज दक्षिण मुंबई की ओर से अभातेयुप टीम का दक्षिण मुंबई की धरा पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अभातेयुप महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश जोनल कॉर्डिनेटर श्री कमलेश भंसाली एवं शाखा प्रभारी श्री मयंक धाकड़ ने अपने वक्तव्य में तेयुप दक्षिण मुंबई की सक्रियता एवं कार्यशैली की सराहना की। तत्पश्चात अभातेयुप राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अभिनंदन नाहटा ने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य से उपस्थित युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने अभातेयुप के आगामी आयामों एवं योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने तथा सेवा, संस्कार एवं संगठन के कार्यों को गति देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान अभातेयुप राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अभिनंदन नाहटा ने तेयुप दक्षिण मुंबई अध्यक्ष सुमित सुराणा को अभातेयुप के विशेष चमचमाते बैज से अलंकृत किया।

सार संभाल यात्रा के दौरान तेयुप दक्षिण मुंबई द्वारा आगामी एवं वर्तमान सामाजिक-सांस्कृतिक आयामों को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की गई। इसी क्रम में नेत्रदान पखवाड़ा एवं जैन संस्कार विधि आधारित रक्षाबंधन कार्यशाला के बैनर का अनावरण किया गया।

कार्यक्रम में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन मंत्री श्री लक्ष्मीलाल डागलिया एवं कार्याध्यक्ष श्री गणपत डागलिया की विशेष उपस्थिति रही।

सार संभाल यात्रा का कुशल संचालन तेयुप दक्षिण मुंबई मंत्री श्रेयांस मुनोत ने किया तथा आभार ज्ञापन कोषाध्यक्ष रौनक धाकड़ ने किया। संगठन यात्रा के माध्यम से तेयुप दक्षिण मुंबई की गतिविधियों, आगामी सामाजिक-सांस्कृतिक योजनाओं और युवा सहभागिता को अभातेयुप के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story