मुंबई। मुंबई में यात्रा करने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से बंद 112 साल पुराना सायन रेलवे ओवरब्रिज 15 अक्टूबर तक यातायात के लिए दोबारा खोला जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, पुल के शुरू होने से इलाके में लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

अगस्त 2024 से बंद इस पुल के पुनर्निर्माण का काम रेलवे और बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी मिलकर कर रहे हैं। पुल का रेलवे की सीमा में आने वाला हिस्सा मध्य रेलवे बना रहा है, जबकि संपर्क सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी बीएमसी संभाल रही है।

निर्माण कार्य में देरी के कारण पुल को खोलने की समय सीमा पहले दो बार बढ़ाई जा चुकी है। इसे सबसे पहले मई तक पूरा किया जाना था। इसके बाद समय सीमा अगस्त तक बढ़ाई गई और अब 15 अक्टूबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मध्य रेलवे ने 21 और 29 अगस्त को स्टील के दो बड़े गार्डरों पर कंक्रीट ढालने का काम पूरा कर लिया था। इसके बाद बीएमसी ने संपर्क सड़कों का काम तेजी से शुरू किया। पुल के पुनर्निर्माण से जुड़े शेष कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की दिशा में काम जारी है।

भाजपा की पूर्व नगरसेविका राजश्री शिरवाडकर ने बीएमसी और रेलवे प्रशासन से बचा हुआ काम जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुल बंद होने के कारण वाहन चालकों को काफी लंबे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

15 अक्टूबर को पुल यातायात के लिए खुलने के बाद धारावी, कुर्ला, सायन और लालबहादुर शास्त्री मार्ग की तरफ आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। लंबे समय से बंद इस प्रमुख मार्ग के दोबारा खुलने से क्षेत्र में यातायात दबाव कम होने के साथ वाहन चालकों को राहत मिल सकेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story