नालासोपारा में रूम दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 5 लाख रुपये की ठगी के मामले में दर्ज आपराधिक प्रकरण के तहत तुलिंज पुलिस ने तीन सप्ताह से फरार चल रहे भू-माफिया शंभू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया गया था और शिकायत के बाद से उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से वसई न्यायालय ने उसे जेल कस्टडी में भेज दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपक राजभर ने प्रगतिनगर, नालासोपारा पूर्व स्थित नव निर्माण चाल में 5 लाख रुपये में एक रूम खरीदा था। यह रूम क्षेत्र के भू-माफिया शंभू गुप्ता से खरीदा गया था। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी शंभू गुप्ता लगातार रूम देने की बात टालता रहा। इतना ही नहीं, उसने न तो रूम का कब्जा दिया और न ही पीड़ित के रुपये वापस लौटाए।

इसके बाद पीड़ित ने तुलिंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शिकायत दर्ज होने के बाद से शंभू गुप्ता क्षेत्र से गायब था और पुलिस से बचता फिर रहा था। करीब तीन सप्ताह तक पुलिस को चकमा देने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच पीएसआई मिलिंद तायडे कर रहे हैं।

यह वही शंभू गुप्ता है, जिसका करीब दो महीने पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में वह बार बालाओं पर पैसे उड़ाता हुआ दिखाई दे रहा था। आरोप है कि आम लोगों की मेहनत की कमाई से अपना आशियाना खरीदने वाले लोगों से रुपये लेने के बाद अवैध चाल निर्माण करने वाला भू-माफिया शंभू गुप्ता उन्हीं पैसों को बीयर बार में बार बालाओं पर उड़ाता था। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी अवैध चाल निर्माण कर लोगों को रूम बेचने के नाम पर खुलेआम धोखाधड़ी करता है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story