मुंबई। महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में चातुर्मासार्थ शासन श्री साध्वी कंचनप्रभा एवं सहवर्ती शासन श्री साध्वी मंजुरेखाजी आदि ठाणा-5 का विशाल रैली के साथ भव्य मंगल प्रवेश हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने जयघोष के बीच साध्वीवृंद का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ, जिसके पश्चात तेरापंथ महिला मंडल ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी।

अपने मंगल उद्बोधन में शासन श्री साध्वी कंचनप्रभा ने कहा कि विभिन्न नगरों से समागत श्रावक-श्राविकाओं में दिखाई देने वाली श्रद्धा, उत्साह और धर्म के प्रति समर्पण की भावना आचार्य प्रवर के आशीर्वाद तथा तेरापंथ धर्मसंघ की गौरवशाली परंपरा का परिणाम है। उन्होंने सभी से चातुर्मास के दौरान रात्रि भोजन त्याग, सचित्त एवं जमीकंद का परित्याग करने तथा तेला, अठाई, मासखमण सहित विभिन्न तपस्याओं एवं धर्माराधना को उत्साहपूर्वक अपनाने का आह्वान किया।



शासन श्री साध्वी मंजुरेखा ने अपने संबोधन में कहा कि तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद एवं महिला मंडल के पदाधिकारियों में संघ सेवा के प्रति जो उत्साह, समर्पण और कार्यभावना दिखाई देती है, वही तेरापंथ धर्मसंघ की वास्तविक शक्ति और गौरव है। उन्होंने सभी से चातुर्मास को आत्मविकास और आध्यात्मिक साधना का श्रेष्ठ अवसर बनाने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर साध्वी मंजुरेखा, साध्वी उदितप्रभा, साध्वी निर्भयप्रभा एवं साध्वी चेलनाश्री ने प्रेरणादायी गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़, तेरापंथ सभा दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया, तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमित सुराणा, मंत्री श्रेयांस मुनोत, पंच मंडल सदस्य किशनलाल डागलिया तथा तेरापंथ महिला मंडल दक्षिण मुंबई की अध्यक्षा लतिका डागलिया ने स्वागत उद्बोधन दिए।

कार्यक्रम के दौरान श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा मुंबई के अध्यक्ष सुरेंद्र कोठारी, भारत जैन महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ख्यालीलाल तातेड, अणुव्रत विश्व भारती से रोशन मेहता, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के सहमंत्री अंकुर लुनिया तथा जोनल कॉर्डिनेटर कमलेश भंसाली की उपस्थिति में संयम सुपर मैराथन के बैनर का अनावरण भी किया गया।

घाटकोपर सभा के अध्यक्ष शांतिलाल कोठारी, महिला मंडल की अध्यक्षा मंजू बडाला तथा दक्षिण मुंबई से दिनेश धाकड़ और रौनक धाकड़ सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कन्या मंडल द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी नाटिका ने सामाजिक एवं आध्यात्मिक संदेश दिया। ज्ञानशाला प्रशिक्षिकाओं ने अभिभावकों से अपने बच्चों को ज्ञानशाला से जोड़ने का आग्रह किया, जबकि मालचंद भंसाली ने आगामी सम्यक दर्शन कार्यशाला की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

चातुर्मासिक मंगल प्रवेश कार्यक्रम को सफल बनाने में गणपतलाल डागलिया, लक्ष्मीलाल डागलिया, पवन बोलिया, अशोक धींग, श्रेयांश मुणोत, नरेन्द्र मुणोत, पूरण चपलोत, सुखलाल सिंयाल, निलेश धाकड़, नितेश धाकड़, वंदना वागरेचा, निकेश वाकरेचा, आशा कच्छारा, रेणु बोलिया, श्वेता सुराणा, मीना सूराणा, पुष्पा कच्छारा और शिल्पा सिंघवी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन राहुल मेहता ने किया, जबकि मिखिल डागलिया ने आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया ने कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story