रुस्तमजी क्राउन में लगातार दूसरे दिन बीएमसी का हथौड़ा, 6 मंजिलों के अवैध निर्माण ध्वस्त
रुस्तमजी क्राउन में बीएमसी की लगातार दूसरे दिन कार्रवाई, 6 मंजिलों के अवैध निर्माण ध्वस्त और 250 करोड़ के लेनदेन की जांच की मांग।

तस्वीर में प्रभादेवी स्थित रुस्तमजी क्राउन परिसर के अंदर बीएमसी की कार्रवाई के दौरान श्रमिक और कर्मचारी नजर आ रहे हैं।
मुंबई के प्रभादेवी स्थित आलीशान आवासीय परिसर ‘रुस्तमजी क्राउन’ में अवैध निर्माण के खिलाफ बीएमसी की तोड़क कार्रवाई मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस बंदोबस्त के बीच बीएमसी की टीम ने इमारत की 20, 28, 32, 36, 37 और 38वीं मंजिल पर बने 6 घरों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान 4 फ्लैट मालिकों ने स्वयं ही अपना अवैध निर्माण हटा लिया।
इससे पहले सोमवार को भी बीएमसी ने 4 घरों में तोड़फोड़ की थी। प्रभादेवी स्थित इस परियोजना के टावर ‘ए’ और टावर ‘बी’ में कुल 300 से अधिक फ्लैट हैं। इनमें से 138 फ्लैटों में कथित तौर पर अवैध निर्माण किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायत के मुताबिक, कुछ फ्लैट मालिकों ने कॉमन लॉबी और रास्ते की जगह पर 450 से 500 वर्ग फुट तक कब्जा कर अपने घर का दायरा बढ़ा लिया था। बहुमंजिला इमारत में शिवसेना के पूर्व विधायक सदा सरवणकर समेत कई प्रमुख लोगों के घर होने के कारण यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शिकायतकर्ता संतोष दौंडकर ने इस पूरे मामले की आर्थिक अपराध शाखा और प्रवर्तन निदेशालय से जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री से की है। उन्होंने परियोजना से जुड़े 250 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन में गड़बड़ी की आशंका जताई है।
इसके साथ ही परिसर में गार्डन के रखरखाव, खुले स्थान के नियमों और अनिवार्य पौधारोपण जैसे पर्यावरणीय नियमों के पालन की भी विस्तृत जांच की मांग की जा रही है। बीएमसी की लगातार दूसरे दिन हुई इस कड़ी कार्रवाई से परिसर में अवैध निर्माण करने वाले अन्य फ्लैट मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
