दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक कुलाबा इलाके में स्थित रिगल जंक्शन का जल्द कायाकल्प होने जा रहा है। मुंबई महानगरपालिका ने पर्यटन को बढ़ावा देने और इलाके को नया स्वरूप देने के लिए रिगल जंक्शन के सुंदरीकरण और पुनर्विकास की योजना तैयार की है। इसके लिए पालिका प्रशासन ने 45 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।

इस परियोजना के तहत रिगल जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और यहां मुंबई का पहला खुला कला संग्रहालय तैयार किया जाएगा। यह ओपन आर्ट म्यूजियम पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। बीएमसी के सड़क विभाग की ओर से जारी टेंडर प्रक्रिया के अनुसार रिगल जंक्शन का पुनर्गठन आधुनिक लाइटिंग, ट्रैफिक आइलैंड्स और डिवाइडर के नवीनीकरण के साथ किया जाएगा।

परियोजना में पैदल यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की विरासत को ध्यान में रखते हुए सड़क पर बेसाल्ट और ग्रेनाइट कॉबलस्टोन बिछाए जाएंगे। इसके अलावा विक्रांत स्मारक का पुनर्स्थापन किया जाएगा। इलाके की हेरिटेज पहचान को बनाए रखने के लिए हेरिटेज शैली के स्ट्रीट लाइट पोल और आधुनिक कैंटिलीवर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।

पर्यावरण संरक्षण के तहत मौजूदा पेड़ों का पुनर्रोपण किया जाएगा और नए पौधे लगाकर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की योजना है। भाजपा के पूर्व नगरसेवक मकरंद नार्वेकर ने इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि रिगल जंक्शन का विकास काला घोड़ा और गेटवे ऑफ इंडिया को जोड़ने वाली पैदल मार्ग योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मकरंद नार्वेकर ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र पुलिस मुख्यालय के सामने स्थित लगभग एक एकड़ खाली जगह में एक भव्य सार्वजनिक प्लाजा और खुला कला संग्रहालय विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र को एक नया सार्वजनिक स्थल भी मिलेगा।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वर्तमान में जारी 27 ट्रैफिक सिग्नलों की संख्या घटाकर केवल 9 कर दी जाएगी। इसके साथ ही रिगल से गेटवे ऑफ इंडिया के बीच एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। भविष्य में यहां भूमिगत पार्किंग बनाने की भी योजना है।

हाल ही में काला घोड़ा सुंदरीकरण परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन हुआ था। रिगल जंक्शन का कायाकल्प उसी कड़ी में अगला बड़ा कदम है, जिससे दक्षिण मुंबई के इस ऐतिहासिक क्षेत्र को नई पहचान देने की तैयारी की जा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story