मुंबई के घाटकोपर और आसपास के इलाकों के लिए लाइफलाइन माने जाने वाले राजावाडी अस्पताल के कायाकल्प को लेकर अब प्रशासन ने कमर कस ली है। अस्पताल के पुनर्विकास कार्य में हो रही देरी पर भारी नाराजगी जताते हुए मुंबई की महापौर रितू तावडे ने आज खुद प्रोजेक्ट साइट का दौरा किया और अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि अगले हफ्ते से हर हाल में नई इमारत का निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए।

महापौर का सख्त रुख और अधिकारियों को निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि "राजावाडी अस्पताल पर मरीजों का भारी बोझ है, ऐसे में पुनर्विकास के काम में एक दिन की भी देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" उन्होंने ठेकेदार और संबंधित विभागों को युद्ध स्तर पर प्रयास कर लंबित अनुमतियां प्राप्त करने के कड़े आदेश दिए हैं। हालांकि, दिसंबर 2025 में भूमिपूजन होने के बावजूद चार महीने बाद भी काम शुरू न होने पर महापौर ने अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि "अनुमतियां लेना ठेकेदार की जिम्मेदारी है और प्रशासनिक अड़चनों को वरिष्ठों के संज्ञान में लाना चाहिए था।"

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी 10 मंजिला इमारत

प्रोजेक्ट की बारीकियों पर नजर डालें तो पहले चरण के तहत करीब 600 बेड की क्षमता वाली एक अत्याधुनिक 10 मंजिला इमारत का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें लोअर बेसमेंट और बेसमेंट की भी सुविधा होगी। लगभग 33,179 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाली इस इमारत में सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महापौर ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को धूल और शोर से परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

स्थानीय प्रतिनिधियों की भागीदारी और निगरानी

महापौर ने इस पूरे प्रोजेक्ट की प्रगति को लेकर स्थानीय पार्षदों को विश्वास में लेने और बीएमसी मुख्यालय में एक विस्तृत प्रेजेंटेशन देने को कहा है। अस्पताल के पुनर्विकास कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए महापौर रितू तावडे ने निर्देश दिए कि अगले हफ्ते से हर हाल में नई इमारत का निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान नगरसेवक धर्मेश गिरी और अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भारती राजूलवाला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story