राहुड घाट में बेकाबू कंटेनर ने पांच वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत, आठ घायल
राहुड घाट में ब्रेक फेल होने से बेकाबू कंटेनर ने पांच वाहनों को टक्कर मारी। हादसे में एक की मौत और आठ लोग घायल हुए हैं।

मुंबई-आगरा राष्ट्रीय महामार्ग के राहुड घाट में शुक्रवार रात ब्रेक फेल होने से बेकाबू कंटेनर ने लक्जरी बस और पुलिस वैन समेत पांच वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें आठ लोग घायल हो गए।
मुंबई-आगरा राष्ट्रीय महामार्ग के राहुड घाट में शुक्रवार रात ब्रेक फेल होने के बाद एक कंटेनर बेकाबू हो गया और उसने लक्जरी बस, पुलिस वैन, कार और पिकअप समेत पांच वाहनों को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में कंटेनर में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।
आर जे ३६ जीए ८६१२ नंबर का कंटेनर टायर लेकर मुंबई से मालेगांव की ओर जा रहा था। राहुड घाट में अचानक कंटेनर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद तेज रफ्तार कंटेनर ने सबसे पहले एमपी ०९ ए जे ६८७७ नंबर की लक्जरी बस को पीछे से टक्कर मारी। बस में करीब ३० यात्री सवार थे।
इसके बाद बेकाबू कंटेनर ने पुलिस वैन और कार समेत अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। कंटेनर का ब्रेक फेल होने का पता चलते ही कंटेनर में मौजूद हेल्पर ने वाहन से छलांग लगा दी। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौत होने की बात सामने आई है। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं।
दुर्घटना के बाद राहुड घाट में कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस, अग्निशमन दल और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण मुंबई-आगरा राष्ट्रीय महामार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
राहुड घाट में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने यहां स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। घाट में ढलान, तीखे मोड़ और भारी वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात नियंत्रण के लिए ठोस उपाय किए जाने की मांग नागरिकों ने की है।
हादसे में घायल लोगों की स्थिति और मृतक की पहचान को लेकर पुलिस से अधिक जानकारी मिलने की प्रतीक्षा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
