मुंबई। वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ (मेवाड़) उपसंघ पनवेल एवं वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, पनवेल के संयुक्त तत्वावधान में साधना सदन, पनवेल में आयोजित संवत्सरी महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। यश सुधा आध्यात्मिक चातुर्मास के अंतर्गत आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ अर्जित किया, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।



इस महापर्व के पावन अवसर पर गुरुदेव वेणीचंद महाराज साहब के प्रत्यक्ष सानिध्य के साथ गुरुवर्या डॉ. सुधाकंवर महाराज साहब, विजयप्रभा महाराज साहब, साधना महाराज साहब, रत्नज्योति महाराज साहब एवं सुयशाश्री महाराज साहब सहित अन्य साधु-साध्वियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संवत्सरी महापर्व के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक तप-साधना में भाग लिया। इस दौरान सौ. कृष्णा प्रेमचंद सिंघवी द्वारा 33 उपवास का पच्चखाण ग्रहण किया गया, वहीं 20 से अधिक श्रद्धालुओं ने अठाई तथा 11 श्रद्धालुओं ने 11 उपवास का पच्चखाण लेकर कठोर तपस्या का मार्ग अपनाया।

आयोजन की कड़ी में आज से तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 सितंबर को सुबह 8:45 बजे से 10:00 बजे तक आचार्य डॉ. शिवमुनि महाराज साहब का 85वां जन्मोत्सव एवं मानव सेवा दिवस अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। इसके उपरांत, 19 सितंबर को प्रातः 8:45 बजे से 10:00 बजे तक सजोड़ गामथुनम जाप का सामूहिक आयोजन संपन्न होगा। वहीं, समारोह के अंतिम दिन 20 सितंबर को प्रातः 9:00 बजे से बालाजी बैंक्वेट हॉल में अभिग्रह पूर्ति दिवस एवं गुणगान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा।

उपसंघ पनवेल के अध्यक्ष शैलेंद्र खेरोदिया ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उपसंघ पनवेल, श्रावक संघ पनवेल तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्यगण इस त्रिदिवसीय धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं। साधना एवं संयम के इस पावन पर्व ने संपूर्ण समाज में आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक निष्ठा का गहरा संदेश संप्रेषित किया

है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story