पालघर: केलवे रोड पर ज्वैलर्स दंपति से 50 लाख की लूट, बदमाशों ने किया हमला
केलवे रोड पर 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने ममता ज्वैलर्स के मालिक किशन दसाणा और उनकी पत्नी पर हमला कर जेवरात और नकदी लूटी।

पालघर के केलवे रोड पर लूट का शिकार हुए ज्वैलर किशन दसाणा, जिन पर मंगलवार रात बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला किया था।
पालघर। मुंबई से सटे पालघर जिले के केलवे रोड क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक प्रवासी ज्वेलर्स दंपति को अपना निशाना बनाया। इस भीषण लूटपाट में 6-7 अज्ञात बदमाशों ने दंपति पर प्राणघातक हमला कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। इस वारदात ने समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मूलतः राजस्थान के राजसमंद जिले के रीछेड नाथेला निवासी 24 वर्षीय किशन दसाणा पुत्र रूपसिंह दसाणा अपनी पत्नी मंजू दसाणा के साथ केलवे रोड में “ममता ज्वैलर्स” नामक दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार रात करीब 8 बजे जब दंपति अपनी दुकान बढ़ाकर घर की ओर लौट रहे थे, तभी केलवे रोड स्टेशन के समीप पुल के नीचे घात लगाए बैठे 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। लुटेरों ने लोहे की रॉड और लाठियों से किशन दसाणा पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद किशन ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक आरोपी को दबोचने का प्रयास किया, किंतु अन्य बदमाशों ने उन पर हिंसक प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने मंजू दसाणा के साथ भी मारपीट की और उनसे गहनों से भरा बैग छीनकर रेलवे ट्रैक की दिशा में फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सफाला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराते हुए मामला दर्ज किया। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में ज्वेलर्स को निशाना बनाने की यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पूर्व 27 मार्च 2025 को भी इसी स्थान पर रूपसिंह दसाणा पर फायरिंग कर लूट का प्रयास किया गया था, जिसमें पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। स्थानीय व्यापारी दीपक सिंह नाथेला ने इस पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि शाम के समय सुरक्षा व्यवस्था नगण्य होने के कारण प्रवासी व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर जांच के आदेश दिए हैं। यह वारदात वर्तमान में कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रवासी समाज की सुरक्षा के प्रति एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
