पालघर जिले के दहानू में रविवार को दिनदहाड़े हथियारों से लैस लुटेरों ने एक ज्वैलर्स शॉप में घुसकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। फिल्मी अंदाज में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि ज्वैलर्स व्यापारियों में दहशत और खलबली का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार दहानू स्थित न्यू लक्ष्मी ज्वैलर्स शॉप में 20 जुलाई को शाम करीब 4 बजे दुकान मालिक ग्राहकों के इंतजार में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक हाथों में हथियार लेकर दुकान में दाखिल हुए। दुकानदार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही एक लुटेरे ने हवा में फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने दुकान मालिक को जान से मारने की धमकी दी और लाखों रुपये के आभूषण तथा नकदी लूटकर मौके से भाग निकले।

वारदात के दौरान दुकानदार ने मदद के लिए शोर मचाया। फायरिंग और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों को आता देख लुटेरे दूसरी दिशा में भागने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और लुटेरों का पीछा किया, लेकिन शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे।

बताया गया है कि जब लुटेरों ने फायरिंग की, उसी दौरान एक दुकानदार ने घटना का वीडियो भी बना लिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक लुटेरा हथियार लेकर दुकान के बाहर खड़ा है और बाहर की स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि वारदात को अंजाम दिया जा रहा है।

दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में हुई इस बड़ी लूट की घटना से दहानू के ज्वैलर्स व्यापारियों में दहशत का माहौल है। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि लुटेरे कुल कितनी रकम और कितने मूल्य के आभूषण लूटकर ले गए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story