बांद्रा के संधू पैलेस पर NGT की सख्ती, BMC को OC जारी करने से रोका; बिल्डर पर 5% जुर्माना
मुंबई के पाली हिल स्थित संधू पैलेस निर्माण मामले में एनजीटी ने बीएमसी को आगे ओसी जारी करने से रोक दिया है। पर्यावरण मंजूरी के बिना निर्माण के आरोपों पर बिल्डर को परियोजना लागत का 5 प्रतिशत मुआवजा देने का निर्देश दिया गया है।

मुंबई के बांद्रा (पश्चिम) स्थित पॉश पाली हिल इलाके की आलीशान संधू पैलेस इमारत के निर्माण में पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। एनजीटी की पुणे पीठ ने सोमवार, 23 नवंबर 2026 को महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को परियोजना के लिए आगे कोई भी भोगवटा प्रमाणपत्र (ओसी) जारी करने से रोक दिया है। यह प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा, जब तक परियोजना को विधिवत पर्यावरण मंजूरी नहीं मिल जाती।
एनजीटी ने डेवलपर को इमारत के संबंध में किसी भी प्रकार के नए तृतीय-पक्ष अधिकार सृजित करने से भी प्रतिबंधित कर दिया है। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. सुजीत कुमार बाजपेयी की पीठ ने संबंधित डेवलपर को परियोजना की कुल लागत का 5 प्रतिशत पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई के रूप में जमा करने का निर्देश दिया है।
पीठ ने राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआयएए) को परियोजना की कुल लागत का मूल्यांकन कर पर्यावरण मुआवजे की राशि निर्धारित करने को कहा है। निर्धारित राशि डेवलपर को दो महीने के भीतर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास जमा करनी होगी। इस निधि का उपयोग संबंधित क्षेत्र में पर्यावरण सुधार के कार्यों के लिए किया जाएगा।
पाली हिल स्थित सीटीएस क्रमांक 1381 और 1382 के भूखंडों पर विकसित इस परियोजना का क्षेत्रफल लगभग 12,703 वर्ग मीटर है, जबकि इसका कुल निर्माण क्षेत्र 47,645 वर्ग मीटर है। पर्यावरण कार्यकर्ता प्रताप लाल तेली और चेतक को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की ओर से एनजीटी में याचिकाएं दायर की गई थीं। याचिकाओं में आरोप लगाया गया था कि पर्यावरण प्रभाव आकलन अधिसूचना 2006 के तहत 20,000 वर्ग मीटर से अधिक निर्माण क्षेत्र वाली परियोजनाओं के लिए पूर्व पर्यावरण मंजूरी लेना अनिवार्य है, इसके बावजूद संधू पैलेस के निर्माण की अनुमति आवश्यक मंजूरी के बिना दे दी गई।
याचिकाकर्ता प्रताप लाल तेली की ओर से पैरवी करने वाले अधिवक्ता आदित्य प्रताप ने एनजीटी के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस आदेश से कानून की खामियों का लाभ उठाने वाले बिल्डरों पर लगाम लगेगी।
एनजीटी ने पर्यावरण मंजूरी पर विचार करने की प्रक्रिया को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पीठ के अनुसार, राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण को परियोजना के कारण हुए पर्यावरणीय नुकसान का आकलन करना होगा और उसके आधार पर सुधार एवं पुनर्वास योजना तैयार करनी होगी। इस योजना पर आने वाला पूरा खर्च 5 प्रतिशत पर्यावरण मुआवजे के अतिरिक्त बिल्डर को ही वहन करना होगा।
इस आदेश के बाद संधू पैलेस परियोजना को पर्यावरण मंजूरी मिलने तक बीएमसी के लिए आगे भोगवटा प्रमाणपत्र जारी करने का रास्ता बंद रहेगा। साथ ही डेवलपर को पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई और सुधार एवं पुनर्वास योजना का खर्च भी उठाना होगा।

