मुंबई, 18 अक्टूबर। दक्षिण मुंबई के कालबादेवी स्थित महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में ‘नवग्रह समाधानम् – नवग्रह का रहस्य, मंत्रों में समाधान’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता श्री दिलीप सरावगी ने ग्रह विज्ञान और मंत्रों के माध्यम से ग्रहों को संतुलित करने से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन तेरापंथ समाज दक्षिण मुंबई की सभी संस्थाओं के तत्वावधान में किया गया।

दक्षिण मुंबई सभा के अध्यक्ष देवेन्द्र डागलिया ने मुख्य वक्ता दिलीप सरावगी का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने व्यवस्थित ढंग से कार्यशाला की प्रस्तुति पर प्रसन्नता व्यक्त की।

शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने शुभ-अशुभ कर्म लेकर आता है, लेकिन जिन लोगों ने आध्यात्मिक साधना के माध्यम से ग्रह विज्ञान को समझा है, वे अपनी अनुकूलता के आधार पर उच्च गतियों में प्रस्थान करते हैं।

शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने कहा कि सभी ग्रहों का हमारे जीवन पर प्रभाव पड़ता है। ग्रहों का संतुलन सामाजिक और पारिवारिक जीवनशैली को आनंदमय एवं सुखमय बनाए रखता है। कई बार ग्रह बिगड़ते रिश्तों में भी नई जान डाल देते हैं, लेकिन ग्रहों को साधने के लिए अनुकूल मंत्रों की आवश्यकता होती है। विशिष्ट मंत्रों का स्वाध्याय करने से सभी ग्रह अनुकूल बने रहते हैं। उन्होंने बताया कि सूर्य, चंद्र, मंगल, शनि और गुरु आदि ग्रह जीवन में उत्साह भरते हैं।

कार्यशाला में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़, कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, तेयुप दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमित सुराणा, दक्षिण मुंबई महिला मंडल की अध्यक्षा लतिका डागलिया, पुष्पा कच्छारा, नरेंद्र मणोत और दिनेश धाकड़ सहित विभिन्न सभा-संस्थाओं के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। साध्वी श्री उदितप्रभाजी, साध्वी श्री निर्भयप्रभाजी तथा साध्वी श्री चेलनाश्रीजी की भी उपस्थिति रही।

कार्यशाला में शामिल श्रावक-श्राविकाओं और समाज के सदस्यों ने पूरे उत्साह एवं एकाग्रता के साथ ग्रह विज्ञान तथा मंत्रों के माध्यम से ग्रहों को संतुलित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक ऊर्जा, ज्ञान और श्रद्धा का वातावरण रहा।

मुख्य वक्ता श्री दिलीप सरावगी ने विस्तार से ग्रह विज्ञान को समझाया और बताया कि विभिन्न मंत्रों के माध्यम से ग्रहों को किस प्रकार संतुलित किया जा सकता है। उनकी सरल एवं प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को आकर्षित किया। कार्यशाला में ग्रह विज्ञान और मंत्रों के अध्ययन से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी सभा के मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया ने दी।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story