नालासोपारा पूर्व के आचोले पुलिस थाना क्षेत्र में बीते छह महीनों से लापता चल रहे कुख्यात बदमाश रवि बिड़लान हत्याकांड का पर्दाफाश पुलिस ने एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के साथ कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मौका-ए-वारदात की तलाशी ली। पुलिस को वहां से रवि का केवल कंकाल बरामद हुआ, जिसे देखकर जांच अधिकारी भी सन्न रह गए। फॉरेंसिक रिपोर्ट और संदिग्ध के बयानों से मृतक की पहचान रवि बिड़लान के रूप में सुनिश्चित होने के बाद पुलिस ने उसके भाई पवन बिड़लान की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया।

घटना की तह तक जाने के लिए आचोले पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच ने मुख्य आरोपी सुमित उर्फ बा आजाद सारसर (25) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। इस दौरान सुमित ने अपना गुनाह कबूल करते हुए अपने तीन अन्य साथियों की संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रोहन उर्फ टाइगर संजय जगदाले (22), करण शंकर शेट्टियार (24) और उत्कर्ष आनंद अवसरमल (18) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुमित की मृतक रवि बिड़लान के साथ पुरानी रंजिश थी और उनके बीच अक्सर विवाद होते रहते थे।

पीआई सुजीत कुमार पवार ने बताया कि आरोपियों ने साजिश रचकर नवंबर 2025 में रवि बिड़लान के साथ शराब पी। नशा अधिक होने पर आरोपियों ने चाकुओं से गोदकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्यों को मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से आरोपियों ने पत्थरों से उसका सिर कुचल दिया और शव को पास ही स्थित एक बिल्डिंग के सेफ्टी टैंक में फेंक दिया। मृतक रवि बिड़लान क्षेत्र का एक कुख्यात बदमाश था, जिस पर मारपीट, तलवारबाजी और हफ्ता वसूली जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके भाई का जुड़ाव भारतीय जनता पार्टी से बताया गया है। फिलहाल, आचोले पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की सघन जांच जारी है। एक कुख्यात अपराधी का इस तरह का दर्दनाक अंत इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story