मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय डिविजन 2 अंतर्गत तुलिंज पुलिस की ATC और डिटेक्शन ब्रांच टीम ने एक विदेशी महिला नागरिक को करोड़ों रुपये की MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला मूल रूप से नायजीरिया की रहने वाली है और नालासोपारा पूर्व के प्रगतिनगर में रहकर नशीले पदार्थों की तस्करी करती थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान उसका पार्टनर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार महिला के पास से 1 किलो से अधिक MD ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी कीमत 4,83,00,000/- रुपये से अधिक आंकी गई है। इस कार्रवाई के बाद नशीले पदार्थों का कारोबार करने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस द्वारा अवैध रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई जा रही है। एंटी नारकोटिक्स विभाग द्वारा अलग-अलग जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट द्वारा बड़े पैमाने पर चल रहे ड्रग्स कारोबार और फैक्ट्रियों का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपये की विभिन्न प्रकार की ड्रग्स बरामद कर कई ड्रग्स माफियाओं को गिरफ्तार किया गया है।

इसी कार्रवाई की कड़ी में तुलिंज पुलिस की ATC और डिटेक्शन ब्रांच टीम को मिली गुप्त जानकारी के आधार पर नालासोपारा पूर्व स्थित पमोरगांव के नारिया नगर की वैष्णवी अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने ओमरोगेन मैरिड एनागेडे उम्र 26 वर्षीय को ड्रग्स बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

पुलिस तलाशी में महिला के पास से MD ड्रग्स बरामद हुई, जिसका वजन 1 किलो से अधिक बताया गया है। बरामद ड्रग्स की कीमत 4,83,00,000/- रुपये से अधिक है। आरोपी महिला के खिलाफ तुलिंज पुलिस स्टेशन में एन.डी.पी.एस. इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 1985 की धारा 8 (ए), 21 (ए), 22 (ए), 29 और इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट 2025 की धारा 3, 23 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच तुलिंज पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार विदेशी महिला अपने अन्य पार्टनर के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी करती थी। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही उसका पार्टनर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story