मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत तुलिंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की एटीसी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नालासोपारा पूर्व के प्रगतिनगर इलाके में छापेमारी कर एक नाइजीरियाई नागरिक को 1.39 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय एन’ गुसेन मार्क कोफी उर्फ पीटर ऑक्राफोर के रूप में हुई है, जो लंबे समय से स्थानीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था।

पुलिस की कार्रवाई उस समय हुई जब आरोपी को प्रगतिनगर स्थित तारानगर बसेरा अपार्टमेंट के कमरा नंबर 409 में नशीली दवाओं की बिक्री करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 278 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ 39 लाख रुपये आंकी गई है। मुख्यमंत्री द्वारा नशीले पदार्थों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस की यह कार्रवाई ड्रग माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

तुलिंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे ऑपरेशन को सब-इंस्पेक्टर राहुल फड़ के नेतृत्व में सचिन कांबले, इस्माइल चपरीबन, अजिनाथ गीते और हेमंत कांबले की टीम ने अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी के नेटवर्क और उसके सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय ड्रग्स कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है और यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर नशा मुक्त अभियान को नई मजबूती प्रदान करती है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story