नालासोपारा। नालासोपारा पूर्व स्थित आचोले पुलिस स्टेशन क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सैफ्टी टैंक से मानव कंकाल बरामद किया गया। बरामद कंकाल की पहचान क्षेत्र के कुख्यात बदमाश रवि बिड़लान के रूप में हुई है, जिसकी पिछले 6 महीने पहले गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक रवि बिड़लान का बड़ा भाई पवन बिड़लान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवंबर 2025 में रवि बिड़लान के रहस्यमय तरीके से लापता होने के बाद आचोले पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चूंकि रवि बिड़लान एक शातिर अपराधी था और उसे क्षेत्र से तड़ीपार भी किया गया था, इसलिए पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर बेहद सतर्क था। आचोले पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए हर संभावित पहलुओं पर गहन जांच-पड़ताल शुरू की, लेकिन लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही छानबीन के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा कि लापता होने से ठीक पहले रवि बिड़लान का कुछ लोगों के साथ गंभीर झगड़ा हुआ था। इसी अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया और उनसे कड़ाई से पूछताछ शुरू की। पुलिसिया पूछताछ में संदिग्धों ने जो खुलासा किया, उसने जांच अधिकारियों के होश उड़ा दिए। आरोपियों ने कबूल किया कि जिस रवि बिड़लान को पुलिस पिछले 6 महीनों से तलाश रही थी, उसकी हत्या की जा चुकी है।

हिरासत में लिए गए हत्यारों की निशानदेही पर 5 जून 2026 को आचोले पुलिस ने एक सैफ्टी टैंक से रवि बिड़लान का मानव कंकाल बरामद किया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए आचोले पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौका-ए-वारदात पर पहुंची। पुलिस टीम ने कंकाल को एक बैग में सुरक्षित भरकर, घटनास्थल का पंचनामा किया और उसे विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। वैज्ञानिक व फोरेंसिक जांच में इस बात की पुष्टि हो गई कि यह कंकाल इलाके में खौफ का पर्याय रहे कुख्यात बदमाश रवि बिड़लान का ही है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और हत्याकांड के पीछे के मुख्य कारणों की विस्तृत कानूनी व आधिकारिक जांच की जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story