नालासोपारा पूर्व स्थित तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ दो नाबालिग लड़कों द्वारा गैंगरेप किया गया है। घटना का वीडियो रिकॉर्डिंग कर पीड़िता के भाई को जान से मारने की धमकी दी गई थी और वायरल वीडियो के सामने आने के बाद दोनों लड़कों के खिलाफ पोक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित लड़की नालासोपारा पूर्व स्थित अपने परिजनों के साथ रहती है। 11 जुलाई 2026 को पीड़िता के इंस्टाग्राम पर एक लड़के का मैसेज आया था। उसने लिखा था कि तुझे मेरे साथ कहीं चलना है, कुछ देर बाद वापस आ जाएंगे। इसके बाद वह लड़का और उसका दोस्त दोनों लड़की को एक बंद मकान पर ले गए। वहां दोनों लड़कों ने बारी-बारी से लड़की से जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिसका वीडियो भी बनाया गया और उक्त वीडियो को वायरल करने की धमकी दी गई। बलात्कारी लड़के ने पीड़िता को डराते हुए कहा था कि यह बात अगर किसी को बताई तो तेरे भाई को जान से मार दूंगा और यह वीडियो वायरल कर तुझे बदनाम करूंगा।

इसके बाद 15 अगस्त को वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ मिलकर दोनों लड़कों के खिलाफ तुलिंज पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 17 वर्षीय दोनों नाबालिग आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 70(2), 65(1), 351(2), 351(3), 3(5) और पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ एवं छानबीन की जा रही है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story